वोटिग को लेकर दिखा उत्साह, दस बजते ही बढ़ा मतदान फीसद
अमरोहा शिक्षक विधायक चुनाव को लेकर वोटरों में काफी उत्साह नजर आया।
अमरोहा: शिक्षक विधायक चुनाव को लेकर वोटरों में काफी उत्साह नजर आया। शुरूआत में तो मतदाताओं ने कम दिलचस्पी दिखाई लेकिन, दस बजते ही मतदान का फीसद तेजी के साथ बढ़ता चला गया। हर बूथ पर मतदाताओं की लाइन नजर आई। महिला मतदाता बच्चों को गोद में संभाले अपनी बारी का इंतजार करती दिखाई दीं। शाम तक वोटिग का सिलसिला चलता रहा।
जनपद में मंगलवार की सुबह आठ बजे मतदान कार्य शुरू हुआ। पहले दो घंटे तक सातों बूथों पर मतदाताओं की संख्या कम दिखाई दी। इस वजह से मतदान फीसद 8.49 रहा। दस बजते ही मतदाताओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई। 12 बजे तक 28.80 फीसद मतदान हो गया। इसके बाद 2 से 4 बजे तक एकाएक मतदान फीसद बढ़कर 57.15 हो गया। 2 से 4 बजे तक उसमें और तेजी आई। मतदान फीसद 76.42 तक पहुंच गया। इसके अलावा शाम पांच बजे तक मतदान फीसद अस्सी को पार कर 83.22 पर जाकर थम गया। कई बूथों पर महिला मतदाता बच्चों को गोद में संभाले अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं।
भाजपा प्रत्याशी की दारोगा से झड़प
अमरोहा: भारतीय जनता पार्टी से शिक्षक विधायक चुनाव में उम्मीदवार डॉ.हरि सिंह ढिल्लो की अमरोहा ब्लॉक पर एक दारोगा से नोकझोंक हो गई। आरोप था कि दारोगा मतदाताओं की वोटर आइडी चेक कर रहा था। हालांकि, भाजपा प्रत्याशी का कहना था कि उसको आइडी चेक करने का कोई अधिकार नहीं है। वह सुरक्षा व्यवस्था में लगा है। पता चलते ही पहुंचे एडीएम विनय कुमार ने स्थिति को संभाला और मामले को रफादफा करा दिया।