Move to Jagran APP

Amroha News: ग्राम प्रधान के पिता की गोली मारकर हत्या, बेटे ने जीजा के खि‍लाफ दर्ज कराई FIR

अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव गालिबबाड़ में घर के आंगन में सो रहे ग्राम प्रधान के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार तड़के स्वजन को घटना की जानकारी हुई। इस मामले में ग्राम प्रधान बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मृतक के दामाद के खि‍लाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है।

By Asif Ali Edited By: Vinay Saxena Published: Tue, 23 Apr 2024 09:39 AM (IST)Updated: Tue, 23 Apr 2024 09:39 AM (IST)
ग्राम प्रधान के पिता की गोली मारकर हत्या।- सांकेति‍क तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, अमरोहा। घर के आंगन में सो रहे ग्राम प्रधान के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली उनके सिर में मारी गई है। सोमवार तड़के स्वजन को घटना की जानकारी हुई। इस मामले में ग्राम प्रधान बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मृतक के दामाद के खि‍लाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है।

loksabha election banner

यह घटना नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव गालिबबाड़ की है। यहां पर चंद्रपाल सिंह का परिवार रहता है। चंद्रपाल सिंह अमरोहा नगर के जेएस हिंदू डिग्री कालेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मी थे। दो साल पहले ही वह सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्त होने के बाद गांव में ही दूध का कारोबार करने लगे थे।

पर‍िवार में पत्नी और दो बेटे 

परिवार में पत्नी अंगूरी देवी के अलावा दो बेटे नीरज और अरविंद हैं। बेटी की शादी उन्होंने संभल जनपद के गावं खटैटा निवासी हरीश कुमार के साथ की थी। उनके बड़े बेटे नीरज गजरौला में हाईवे स्थित एक होटल में नौकरी करते हैं। जबकि छोटे बेटे अरविंद यादव ग्राम प्रधान हैं। रविवार रात परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। चंद्रपाल सिंह घर के आंगन में सो रहे थे।

रात तीन बजे स‍िर में मारी गोली 

रात करीब तीन बजे अज्ञात हमलावरों ने चंद्रपाल सिंह के सिर में गोली मार कर हत्या कर दी। सोमवार सुबह लगभग पांच बजे स्वजन सोकर उठे और बाहर आकर देखा तो उन्होंने चंद्रपाल सिंह का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा देखा। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बाद में पुलिस पहुंच गई। एएसपी राजीव कुमार सिंह व सीओ अंजलि कटारिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजन से जानकारी की। फारेंसिक टीम व डाग स्क्वायड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुल‍िस ने दर्ज क‍िया केस, जांच जारी

प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में मृतक के ग्राम प्रधान बेटे अरविंद की तहरीर पर संभल जनपद के गांव खटैटा निवासी हरीश कुमार के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। हरीश कुमार मृतक का दामाद है। प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद सामने आया है। बताया कि घटना का राजफाश करने के लिए तीन टीम का गठन किया गया है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.