रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पर हंगामा
जागरण संवाददाता अमरोहा युवक को घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस वापस लौट आई तो पीड़ित के परिजनों ने थाने पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
अमरोहा: युवक को घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस वापस लौट आई तो पीड़ित के परिजनों ने थाने पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। दोपहर बाद गांव के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
यह मामला देहात थाना क्षेत्र के गांव मालीखेड़ा का है। यहां पर शाहिद हुसैन का परिवार रहता है। बताते हैं कि दो महीना पहले गांव की एक महिला ने उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। वह मामला भी पंचायत के माध्यम से निपट गया था। सोमवार सुबह फिर उसी महिला के परिजनों से विवाद हो गया।
बताते हैं शाहिद गांव के ही कमर आलम के घर किसी काम से गए थे। पास में ही महिला का मकान है। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। शाहिद ने विरोध किया तो परिजनों ने घर में घुस कर शाहिद पर हमला कर दिया। घायल शाहिद को ग्रामीणों ने बचाया तथा निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया। पुलिस भी गांव पहुंची थी, लेकिन वापस लौट आई।
बाद में घायल के परिजन थाने पहुंचे तथा रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। दोपहर में गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। एसओ अरिहंत कुमार ने बताया कुछ लोग थाने आए थे लेकिन, बाद में उनके बीच समझौता हो गया। कोई तहरीर नहीं मिली है।