विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हादसों पर लगेगा 'सावधानी का ब्रेक', अब यूपी के हर जिले में बनेगा ट्रैफिक पार्क; जानें क्या होगी खासियत

Published: Sat, 19 Sep 2026 12:00 AM (IST)

एडीजी ट्रैफिक ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ट्रैफिक पार्क स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इन पार्कों में ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. एडीजी ट्रैफिक ने सभी जिलों को जारी किए निर्देश, कहा- चिह्नित करें जमीन

  2. अमरोहा समेत मंडल के चार जिलों में आठ-आठ बीघा जमीन पर बनेंगे पार्क

आसिफ अली, अमरोहा। प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने की कवायद तेज की गई है। अब प्रदेश के सभी जिलों में ट्रैफिक पार्क स्थापित किए जाएंगे। बुधवार को एडीजी ट्रैफिक ए.सतीश गणेश ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर जमीन चिह्नित करने और तैयारियों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।

ट्रैफिक पार्क में स्कूली बच्चों के साथ ही आम लोगों, एनसीसी कैडेट और पुलिस कर्मियों को यातायात नियमों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्क में मिनी सड़क, चौराहे, ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रासिंग, पैदल यात्री मार्ग, लेन व रोड मार्किंग और गोल चक्कर बनाए जाएंगे।

इसके अलावा यातायात पुलिस के जागरुकता कार्यक्रमों के लिए आडिटोरियम की भी व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ ही उन्हें व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

प्रदेश में यातायात व्यवस्था सुधारने और लोगों को जागरूक करने के लिए पहला ट्रैफिक पार्क प्रयागराज में स्थापित किया गया था। वर्तमान में प्रदेश के 16 जिलों में ट्रैफिक पार्क संचालित हैं।

इनमें प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, सहारनपुर, शाहजहांपुर, लखनऊ, गोरखपुर और मुरादाबाद समेत अन्य जिले शामिल हैं। मुरादाबाद मंडल में अभी केवल मुरादाबाद जिले में ट्रैफिक पार्क संचालित है।

एडीजी ट्रैफिक के निर्देश के बाद मंडल के अमरोहा, संभल, रामपुर और बिजनौर में ट्रैफिक पार्क के लिए करीब आठ-आठ बीघा जमीन चिह्नित की जाएगी। अमरोहा में जमीन उपलब्ध कराने के लिए पुलिस ने नगर पालिका से पत्राचार शुरू कर दिया है।

जमीन मिलने के बाद पार्क की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में प्रदेश में 46,052 सड़क हादसे हुए थे, जिनमें 24,118 लोगों की मौत हुई थी।

वहीं, वर्ष 2025 में हादसों की संख्या बढ़कर 50,769 हो गई और 27,205 लोगों की जान गई। इस तरह 2025 में 2024 की तुलना में 4,717 अधिक हादसे हुए और मृतकों की संख्या में 3,087 की बढ़ोतरी हुई।

हालांकि वर्ष 2026 में अगस्त तक सड़क हादसों में 9.7 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 8.3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि जिले में ट्रैफिक पार्क की स्थापना के लिए जमीन तलाश की जा रही है। जमीन उपलब्ध होने के बाद शासन के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- 'नौकरी वाले भाग्यशाली हैं, लेकिन किसानों को कमजोर न समझें'- धरने के 30वें दिन अमरोहा में गरजे सरदार वीएम सिंह