ड्यूटी से लौट रहे यूपी पुलिस के सिपाही को अज्ञात वाहन ने कुचला, तीन माह पहले हुई थी पोस्टिंग; परिवार में तीन सदस्य हैं पुलिसकर्मी
रामपुर में ड्यूटी से लौट रहे हसनपुर निवासी यूपी पुलिस कांस्टेबल सचिन कुमार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने ...और पढ़ें

सचिन कुमार का फाइल फोटो
HighLights
सचिन की पत्नी भी है महिला आरक्षी
जागरण संवाददाता, रामपुर। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार सिपाही को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा सोमवार रात मिलक क्षेत्र में हुआ। मिलक कोतवाली में ही तैनात सिपाही सचिन घटना के समय ड्यूटी पर थे।
वह जुलूस में ड्यूटी करके वापस थाने जा रहे थे। इस दौरान हाईवे पर किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर की सूचना पर कोतवाली पुलिस वहां पहुंची और उन्हें सीएचसी मिलक ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सचिन मूल रूप से अमरोहा के हसनपुर के रहने वाले थे। वह करीब दो माह पहले लखनऊ से स्थानांतरित होकर यहां आए थे। उनकी पत्नी भानु शहजादनगर थाने में तैनात है और गर्भवती है।
पति की मौत की जानकारी से वह सदमे में है। सचिन के भाई-भाभी भी पुलिस में हैं। भाई पवित्र यहां पुलिस लाइन में तैनात हैं, जबकि भाभी अनु महिला थाने में तैनात हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन में सलामी के बाद शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
तीनों भाइयों में मझले थे सचिन
हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव रुखालू निवासी सचिन कुमार यूपी पुलिस में कांस्टेबल थे। वह रामपुर के मिल्क थाने में तैनात थे। सोमवार देररात ड्यूटी करके बाइक से कमरे पर लौटते समय शहजाद नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर उनकी मृत्यु हो गई।
उनकी पत्नी भी शहजाद नगर थाने में महिला आरक्षी है। वह तीन भाइयों में मझले थे। बड़े भाई बोबी कुमार हसनपुर तहसील में लेखपाल हैं। उनकी पत्नी रश्मि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं।
जबकि छोटे भाई पवित्र कुमार और उनकी पत्नी अंशु भी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं तथा वह दोनों रामपुर पुलिस लाइन में तैनात हैं।
पिता सोमपाल सिंह और माता अतुलेश देवी गांव में रहकर खेती करते हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ सा टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग रामपुर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें- संभल हादसा: ट्रैक्टर का एक्सल टूटने से ट्राली पलटी, अंतिम संस्कार में जा रहीं 3 महिलाओं की मौत, 4 घायल
