विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Election 2027: अमरोहा में संभाजन के बाद घटे 14 मतदान बूथ, 1620 बूथों पर वोट डालेंगे 12.52 लाख वोटर

Published: Sat, 18 Jul 2026 06:08 AM (IST)

अमरोहा जिले में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 14 मतदान बूथ घटाकर कुल 1620 कर दिए गए हैं। पुनरीक्षण अभियान ...और पढ़ें

यूपी विधानसभा चुनाव 2027

यूपी विधानसभा चुनाव 2027

HighLights

  1. सबसे ज्यादा छह बूथ धनौरा विस क्षेत्र व सबसे कम एक बूथ हसनपुर में कम हुआ

राहुल शर्मा, अमरोहा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के बाद जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान बूथों की संख्या घट गई है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जिले में 1634 बूथ थे, लेकिन संभाजन (री-आर्गनाइजेशन) के बाद अब इनकी संख्या 1620 रह गई है। बूथों की नई संख्या पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में अंतिम मुहर लग चुकी है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जिले के 917 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 1620 बूथों पर मतदान कराया जाएगा। हालांकि, मतदान केंद्रों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

विधानसभा क्षेत्रवार बूथों की स्थिति (अमरोहा जिला)

विधानसभा क्षेत्र मतदान केंद्र पहले बूथ (2022) अब बूथ (2027) कम हुए बूथ
अमरोहा

252

368

363

5 

मंडी धनौरा

283

426

420

6 

नौगावां सादात

156

417

415

2

हसनपुर

226

423

422

1

कुल योग (District Total)

917

1,634

1,620

14

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जिले में कुल 13,70,374 मतदाता थे। एसआइआर के बाद जारी अनंतिम मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 11,89,197 रह गई थी। इसमें नो-मैपिंग वाले 41,826, फार्म जमा न करने वाले 32,846, दूसरे स्थान पर स्थानांतरित 85,430 तथा मृतक 28,074 मतदाता शामिल थे।

बाद में दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 10 अप्रैल को जारी अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12,48,111 हो गई थी। इसके बाद भी मतदाता पंजीकरण का कार्य जारी रहा। अब तक 4,863 नए मतदाता जुड़ चुके हैं, जिससे जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12,52,974 हो गई है।

विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता (अमरोहा जिला)

विधानसभा क्षेत्र पुरुष मतदाता महिला मतदाता तृतीय लिंग कुल मतदाता
अमरोहा

1,54,191

1,36,245

4

2,90,440 

मंडी धनौरा

1,68,214

1,42,437

9

3,10,660 

नौगावां सादात

1,67,494

1,43,825

3

3,11,322 

हसनपुर

1,83,580

1,56,956

16

3,40,552 

कुल योग (District Total)

6,73,479

5,79,463

32

12,52,974

संभाजन के दौरान अमरोहा विधानसभा क्षेत्र में पांच, धनौरा में छह, नौगावां सादात में दो तथा हसनपुर में एक बूथ कम किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गरिमा सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य लगातार चल रहा है। पात्र युवक-युवतियां और अन्य नागरिक अपने विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं।

इसलिए कम हो गए बूथ

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बूथों के संभाजन की प्रक्रिया पूरी की। आयोग के मानकों के अनुसार एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता होने चाहिए। इसी आधार पर ऐसे बूथ, जहां मतदाताओं की संख्या निर्धारित सीमा से कम थी, उन्हें नजदीकी बूथों में समायोजित कर दिया गया। इससे जिले में कुल 14 बूथ कम हो गए।

यह भी पढ़ें- बजट होने पर भी प्रसूताओं को नहीं बांटे पैसे, अमरोहा के MOIC समेत दर्जनभर अफसरों पर गिरी गाज; वेतन रोका