अमरोहा की उमंग डेरी पर खाद्य विभाग का छापा, 56 लाख का सामान सीज, मिलावट के शक में लैब भेजे गए 5 नमूने
अमरोहा की उमंग डेरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा, जहां 56 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ सीज किए ...और पढ़ें
-1789253300742_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
खाद्य सुरक्षा टीम ने उमंग डेरी पर छापा मारा।
56 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ सीज किए गए।
मिलावट की आशंका में पांच नमूने लैब भेजे।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। उमंग डेरी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर दूध, स्किम्ड मिल्क पाउडर, मक्खन और रिफाइंड पामोलीन आयल समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजे हैं। टीम ने करीब 56 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ सीज किए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक डेरी में सफाई व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। हैरानी यह कि कार्रवाई के तीन दिन बाद विभाग ने प्रेसनोट जारी किया। वहीं, विभाग के ही उच्चाधिकारी कार्रवाई और सीज माल की जानकारी से अनभिज्ञता जता रहे हैं। डेरी प्रबंधन ने भी किसी खाद्य पदार्थ के सीज किए जाने की जानकारी से इन्कार किया है।
ऐसे में जांच के लिए पहुंची टीम की भूमिका और रिपोर्ट पर पूरे मामले की तस्वीर साफ होने का इंतजार है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने बताया कि टीम के साथ नौ सितंबर को उमंग डेरी पर छापा मारा था। जांच के दौरान प्रोसेसिंग यूनिट में मदर डेरी ब्रांड के 108 बोरे स्किम्ड मिल्क पाउडर और 104 पैकेट बिना आवश्यक पहचान विवरण के मिले।
वेयरहाउस में 447 बोरे स्किम्ड मिल्क पाउडर और 20-20 किलो के रिफाइंड पामोलीन आयल के 113 पैकेट पाए गए। कई खाद्य पदार्थ नमी और अस्वच्छ परिस्थितियों में सीधे फर्श पर रखे मिले। टीम ने दूध, मिल्क पाउडर, मक्खन, रिफाइंड पामोलीन आयल समेत पांच नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने डेरी के तीन लाइसेंस से जुड़े अभिलेख और स्पष्टीकरण भी मांगा है।
खाद्य पदार्थों की खरीद, स्रोत और उपयोग से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए अलग नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों के मुताबिक दूध व पाउडर मिलावटी होने का शक है, रिपोर्ट आने तक सीज खाद्य पदार्थों पर रोक रहेगी। उमंग डेरी के एचआर प्रबंधक अबोद कौशिक ने बताया कि टीम निरीक्षण के लिए आई थी।
दो दिन तक जांच-पड़ताल की। कोई खाद्य पदार्थ सीज किया है, इसकी मेरी जानकारी नहीं है। उधर, सहायक आयुक्त (खाद्य) विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने टीम के साथ डेरी में क्या कार्रवाई की और कितना सामान सीज किया है, इसकी अभी तक जानकारी नहीं है। किसी ने मुझे बताया भी नहीं है।
