तिगरी मेले में सुरक्षा का अभेद्य पहरा, ड्रोन और CCTV से चप्पे-चप्पे पर नजर; भीड़ के साथ बढ़ी पुलिस की सतर्कता
तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ड्रोन, सीसीटीवी और अतिरिक्त बल के साथ चप्पे-चप्पे पर निगरानी कर रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
मेले में सुरक्षा के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे।
ड्रोन और मोबाइल टावर से निगरानी, नेटवर्क समस्या का समाधान।
एसपी लखन सिंह यादव के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था सख्त।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई है। मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। घाटों से लेकर बाजार और प्रमुख मार्गों तक पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। पुलिस के साथ पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट रखा गया है।
मेले में हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी पुलिस चौकियों को वायरलेस नेटवर्क से जोड़ा गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, जबकि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच मोबाइल नेटवर्क की समस्या से निपटने के लिए मेला क्षेत्र में दो टावर भी लगाए गए हैं।
मेला कोतवाली में बनाए गए कंट्रोल रूम से पुलिसकर्मी लगातार कैमरों की फुटेज पर नजर रख रहे हैं। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी भीड़भाड़ वाले स्थानों और गंगा घाटों की निगरानी की जा रही है। एसपी लखन सिंह यादव के नेतृत्व और कंट्रोल रूम प्रभारी रामनिवास सिंह के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर बीबीडीएस, डाग स्क्वाड समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मुस्तैद हैं। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं को डूबने से बचाने के लिए गोताखोर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। घाटों पर महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
वहीं, बाजारों और प्रमुख स्थानों पर घुड़सवार पुलिस गश्त कर रही है। सदर चौक समेत प्रमुख बाजारों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। वाहनों की तलाशी लेने के साथ ही तिगरी द्वार के पास बैरियर लगाकर मेले में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।