विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के राजकीय तिगरी मेले पर बारिश और कटान की मार, दलदल में फंसे ट्रैक्टर, तैयारियां प्रभावित!

Published: Fri, 30 Oct 2026 09:41 PM (IST)

बारिश और गंगा के कटान के कारण तिगरी गंगा मेले की तैयारियों में बाधा आ रही है, जिससे सड़क और ...और पढ़ें

तिगरी में कटान करती गंगा । जागरण

तिगरी में कटान करती गंगा । जागरण

HighLights

  1. बारिश के कारण दलदली हुई मेला स्थल की जमीन

  2. सेक्टर-10 के आगे सड़क निर्माण में फंस रहे ट्रैक्टर

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। गंगा के पावन तट पर लगने वाले तिगरी गंगा मेले की तैयारियां धीरे-धीरे गति पकड़ने लगी हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा किनारे सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

हालांकि, लगातार हो रही बारिश और गंगा के कटान ने मेला स्थल पर तैयारियों की राह मुश्किल कर दी है। खासकर सेक्टर-10 के आगे कच्ची जमीन और कटान के चलते घाट निर्माण में चुनौती बढ़ने की आशंका है।

शुक्रवार को मेला स्थल पर सड़क निर्माण का काम शुरू कराया गया। सेक्टर-10 से पहले जमीन पक्की होने के कारण निर्माण कार्य में ज्यादा परेशानी नहीं आ रही है।

मगर, इसके आगे गंगा किनारे मिट्टी कच्ची होने और लगातार कटान के चलते दिक्कतें बढ़ गई हैं। जमीन कमजोर होने के कारण यहां ट्रैक्टर तक फंस रहे हैं। ऐसे में निर्माण कार्य में जुटे लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

बारिश के कारण मेला स्थल की जमीन भी लगातार दलदली होती जा रही है। इसका असर सड़क निर्माण के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं पर पड़ने लगा है। यदि गंगा का कटान इसी तरह जारी रहा तो घाटों के निर्माण के दौरान भी मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

वहीं, जमीन गीली रहने से भारी सामान को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और झूलों को स्थापित करने में भी परेशानी आने की आशंका है। ऐसे में मेला स्थल पर काम करा रहे लोगों को मौसम और जमीन की स्थिति को देखते हुए कदम उठाने पड़ रहे हैं।

मेला स्थल पर पहुंचने लगा झूलों और नावों का सामान

मेले में मनोरंजन और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। शुक्रवार सुबह नावों का सामान मेला स्थल पर पहुंच गया। वहीं, झूलों का सामान भी जल्द पहुंचने की तैयारी है।

बताया गया कि झूले नोएडा के दशहरा मेले में लगाए गए थे, जबकि नावों का सामान गाजियाबाद के मेले में इस्तेमाल किया गया था। अब सामान पहुंचने के बाद उसे व्यवस्थित करने और स्थापित करने में कई दिन लगेंगे। हालांकि, बारिश के कारण जमीन दलदली होने से झूलों को खड़ा करने और भारी उपकरण लगाने में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।

राजकीय मेले की तैयारियों पर प्रशासन की नजर

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा धाम तिगरी में लगने वाला यह मेला धार्मिक आस्था और भव्यता के लिए उत्तर भारत में विशेष पहचान रखता है। प्रदेश सरकार की ओर से इसे राजकीय मेले का दर्जा दिया गया है।

पिछले दिनों जिलाधिकारी ने मेला समिति के साथ बैठक कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मेला स्थल पर सड़क निर्माण समेत अन्य व्यवस्थाओं को गति दी जा रही है। अब बारिश और गंगा के कटान के बीच निर्धारित समय पर तैयारियां पूरी करना संबंधित विभागों के लिए चुनौती बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- तिगरी गंगा मेला: इस बार तंबू लगाने के लिए मिलेगी भरपूर जगह, कांकाठेर तक बढ़ाया गया मेले का दायरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।