Tigri Mela 2026: तिगरी गंगा मेले की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए सड़कें चौड़ी करने के सख्त निर्देश
अमरोहा में प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियों में तेजी लाई गई है, जिसमें जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक ...और पढ़ें

तिगरी मेले की तैयारी के लिए नक्शा देखते जिलाधिकारी व अन्य। सौ. ग्रामीण
HighLights
डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर की व्यवस्थाओं की समीक्षा
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी डाॅ. नितिन गौड़ ने गांव तिगरी स्थित अंगूरी देवी धर्मशाला में अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। इस बार मेले का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा।
बैठक में डीएम ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मेले को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। बैठक के बाद डीएम ने मेला स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में सड़कों को पर्याप्त चौड़ा रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने पर जोर दिया। यहां सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, एएसपी अखिलेश भदौरिया, एसडीएम शैलेष दुबे, मेला प्रभारी बालेंद्र यादव, थाना प्रभारी पंकज तोमर आदि मौजूद रहे।
तिगरी मेले के यातायात रूट का एसपी ने किया निरीक्षण
तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने निर्धारित यातायात रूट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने प्रमुख मार्गों और चौराहों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए यातायात प्रबंधन की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। वाहनों का आवागमन व्यवस्थित रखने के साथ यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात नियंत्रण के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- अभी से दिखने लगी तिगरी गंगा मेले की रंगत! कार्तिक पूर्णिमा पर जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, जगह घेरने की मची होड़
