तिगरी गंगा मेले में बड़ा बदलाव: इस बार 24 सेक्टरों में बसेगी तंबुओं की नगरी, बनेंगे किसान और गंगा चौक
तिगरी गंगा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेक्टरों की संख्या 22 ...और पढ़ें

गजरौला के तिगरी में मेलास्थल पर सड़क का निर्माण करते श्रमिक। सौ. ग्रामीण
HighLights
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुविधाओं को देखते हुए लिया निर्णय
एमडीए अधिकारी गरिमा सिंह ने किया मेला स्थल का निरीक्षण
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मेले में किसानों की सुविधा के लिए किसान चौक और श्रद्धालुओं के लिए गंगा चौक बनाया जाएगा। वहीं, मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेक्टरों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
पहले मेले में 22 सेक्टर बनाए जाते थे, लेकिन इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 24 कर दी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और किसानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मेला स्थल पर चल रहे तैयारियों के कार्यों का जायजा लेने के लिए एमडीए अधिकारी गरिमा सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित ठेकेदारों को सड़कों का निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
साथ ही मेला स्थल पर साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लेकर स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। मेले में किसानों और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ट्रैक्टर रोड का निर्माण कराया जा रहा है।
इसके अलावा गंगा रोड, सदर बाजार और वीआइपी रोड को भी तैयार किया जा रहा है। प्रशासन का जोर है कि मेला शुरू होने से पहले प्रमुख मार्गों और जरूरी सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।
इस बार किसान चौक और गंगा चौक का निर्माण मेले की प्रमुख व्यवस्थाओं में शामिल है। वहीं, सेक्टरों की संख्या बढ़ने से मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं का संचालन और निगरानी करने में सहूलियत होगी।
प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन और ठहरने में किसी तरह की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- तिगरी गंगा मेला: इस बार तंबू लगाने के लिए मिलेगी भरपूर जगह, कांकाठेर तक बढ़ाया गया मेले का दायरा