तिगरी मेला: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 60 नावें होंगी तैनात, लगेंगे 2 मोबाइल टावर
अमरोहा के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर। जिलाधिकारी व ...और पढ़ें

तिगरी मेला का निरीक्षण करते डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव
HighLights
सुरक्षा हेतु 60 नावें, गहरे पानी में होर्डिंग लगेंगे।
मेले में मोबाइल नेटवर्क के लिए दो टावर स्थापित होंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 4948 शौचालय बनवाए जाएंगे।
संवाद सहयोगी, अमरोहा। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी नितिन गौड़ व एसपी लखन सिंह यादव ने मेला कोतवाली में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली और शेष कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मेले में सेक्टर 14 तक लाइट लगाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि आगे के सेक्टरों में विद्युत व्यवस्था का काम बाकी है। गंगा का कटान भी बंद हो गया है। बाढ़ खंड की ओर से कटान रोकने के लिए कटर लगवाए गए थे। जिलाधिकारी ने गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संबंधी होर्डिंग लगवाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में स्नान करने न जाएं और किसी अनहोनी से बचा जा सके।
मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुल 4948 शौचालय बनवाए जाएंगे। वहीं, मोबाइल नेटवर्क की सुविधा के लिए एक मोबाइल टावर मेले में पहुंच चुका है, जबकि दूसरा टावर भी जल्द स्थापित किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बनाए जा रहे वॉच टावरों की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।
मेला कोतवाली में पुलिसकर्मियों की आमद शुरू
एसपी ने टावरों पर चढ़ने के लिए डीपी लगवाने को कहा, जिससे पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान परेशानी न हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और गंगा स्नान के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए 60 नावों का इंतजाम किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि घाटों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
वहीं, सेक्टर 23 तक सड़क निर्माण का काम भी पूरा कर लिया गया है। पेयजल व्यवस्था के लिए जल निगम की ओर से मेले में 2200 हैंडपंप लगाए जाने हैं, जिनमें से अब तक 60 हैंडपंप स्थापित किए जा चुके हैं। उधर, मेला कोतवाली में पुलिसकर्मियों की आमद भी शुरू हो गई है।
अब तक अमरोहा जनपद के 110 पुलिसकर्मी ड्यूटी के लिए पहुंच चुके हैं। जल्द ही दूसरे जनपदों से भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।