रामभक्ति में डूबा जनपद, मंदिरों में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ हुई पूजा-अर्चना
अमरोहा अयोध्या में भूमि पूजन के दौरान भगवान श्री राम मंदिर के शिलान्यास पर अमरोहावासी भी झूम उठे।
अमरोहा : अयोध्या में भूमि पूजन के दौरान भगवान श्री राम मंदिर के शिलान्यास पर अमरोहावासी भी खुशी से झूम उठे। राजनैतिक, विभिन्न हिन्दू सामाजिक संगठनों व अन्य श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जाकर श्रीगणेश, भगवान राम, राम भक्त हनुमान की विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर महाआरती की। जगह-जगह भंडारों का आयोजन हुआ। मंदिरों में जय श्रीराम के जयकारों से चौतरफा भक्तिमय का माहौल रहा।
अयोध्या में भूमि पूजन के अवसर पर गुरुवार को भाजपाई, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, विभिन्न हिन्दू सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों- कार्यकर्ताओं व अन्य श्रद्धालुओं में सुबह से ही उत्साह था। वह मंदिरों में पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पहले श्रीगणेश की पूजा के बाद श्रीराम, हनुमान की पूजा अर्चना कर महाआरती की। जगह-जगह रामायण पाठ, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड का पाठ किया गया। सभी श्रद्धालु मंदिरों में जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे।
वासुदेव, चामुंडा मंदिर, आजाद रोड स्थित शिव मंदिर, बाबा गंगानाथ मंदिर, महादेव मंदिर, जोया का हनुमान मंदिर, इकोंदा गांव में बालाजी मंदिर, जलालपुर घना में राम मंदिर, नारंगपुर में चामुंडा मंदिर डिडौली, रजबपुर, नौगावां सादात आदि क्षेत्रों के मंदिरों में रामभक्तों ने पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद भंडारों का आयोजन किया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।
विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष राजकमल यादव ने कहा कि आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में इतिहास के पन्नों में लिखा जाएगा। पांच अगस्त का दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं कि आज के दिन ही कश्मीर से धारा 370, 35ए हटाई गई थी। फिलहाल चौतरफा श्री राम के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। पालिकाध्यक्ष शशि जैन ने भी पूजा अर्चना
अमरोहा : नगरपालिका अध्यक्ष शशि जैन भी इस खुशी के मौके पर पीछे नहीं रही। वह अपने समर्थकों के साथ कोट के राम मंदिर पहुंचीं और श्रीगणेश, भगवान राम-लक्षमन, माता सीता, बजंरग बली की विधिवत विशेष पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया। मंदिर में घंटे-घड़ियालों और जय श्री राम से आसपास का माहौल भक्तिमय था।