हैदराबाद व सम्भल की घटना की कैबिनेट मंत्री ने की भर्त्सना, कहा- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा Amroha news
कैबिनेट मंत्री ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर संकट को लेकर कहा कि कहीं भी कोई चिंता की बात नहीं है।
अमरोहा, जेएनएन। सूबे के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने हैदराबाद में सरकारी महिला चिकित्सक की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या को शर्मसार कर देने वाली घटना करार देते हुए उसकी कड़े शब्दों में भर्त्सना की है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध को लेकर लोगों का आक्रोशित होना व विरोध प्रदर्शन करना वाजिब है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदेश में कानून व्यवस्था बिलकुल ठीक
वहीं उन्होंने सम्भल में किशोरी से दुष्कर्म के बाद जलाकर हत्या किए जाने की भी आलोचना करते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलवाने की बात कही। कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक है। अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। सम्भल की घटना में भी कड़ी कार्रवाई होगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पर संकट नहीं
अमरोहा में जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी की सीट पर संकट को लेकर चल रही चर्चा के सवाल पर बोले कि कोई संकट नहीं है। सभी सदस्य एकजुट हैं। जिला पंचायत सदस्य, पार्टी के जिलाध्यक्ष ओपी गोला, विधायक महेंद्र सिंह खडग़वंशी सभी एकजुट हैं। अध्यक्ष सभी सदस्यों को साथ लेकर चल रही हैं। जिले का विकास करा रही हैं। सरकार भी विकास चाहती है। जनता की समस्याओं का निदान चाहती है, जो इस जनपद में हो रहा है।
गौरतलब है कि रविवार को पहली बार कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान जिला पंचायत अध्यक्ष के यहां चौधरी चरण सिंह नगर स्थित आवास पर नजर आए। यहां अध्यक्ष ने भाजपा समेत कुछ अन्य दलों से जुड़े जिला पंचायत सदस्यों को भी बुलवा रखा था। मंत्री ने इन सभी से भी बातचीत की।