विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में शोहदे की छेड़खानी से तंग आकर 10वीं की छात्रा ने दी जान, गांव में तनाव का माहौल

Published: Fri, 11 Sep 2026 12:10 AM (IST)

गजरौला में छेड़छाड़ से परेशान एक किशोरी ने फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

HighLights

  1. छेड़छाड़ से परेशान किशोरी ने फंदे से लटककर जान दी।

  2. परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।

  3. मुख्य आरोपी नईम गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी।

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो शोहदे की अश्लील हरकतें बढ़ती गईं। आखिरकार छेड़खानी से आहत होकर किशोरी ने गुरुवार को अपने ही दुपट्टे का फंदा बनाया और लटककर जान दे दी।

गुरुवार सुबह घटना उस वक्त की है, जब घर पर कोई नहीं था। कुछ देर बाद मां लौटी तो मंजर देखकर बदहवास हो गई। आनन-फानन मुख्य आरोपित नईम और भाई नासिर के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने नईम को गिरफ्तार कर लिया। मामला दो संप्रदाय का होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी आत्महत्या की पुष्टि हुई है। दूसरे फरार आरोपित की भी तलाश की जा रही है। वहीं, थाना पुलिस पर लगे आरोपों की भी जांच की जा रही है।

बेटी की मौत के बाद किसान के परिवार में पत्नी, एक बेटा हैं। बेटा गाजियाबाद में नौकरी करता है। बेटी नजदीकी गांव के स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा थी।

आरोप है कि गांव में ही उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर रहने वाला नईम तीन माह से छात्रा को परेशान कर रहा था। आए दिन स्कूल से आते-जाते या गांव में फब्ती कसना या छेड़छाड़ करना आम बात थी।

पहले तो छात्रा ने बदनामी के डर से किसी को कुछ नहीं बताया। उधर, नईम की हरकतें बढ़ती गईं। मंगलवार को भी उसने छेड़छाड़ की। तंग आकर छात्रा ने स्वजन को पूरा घटनाक्रम बताया।

किशोरी ने दे दी जान

स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। फिर, बुधवार शाम आरोपित को समझाया भी। इस दौरान नईम और भाई नासिर ने बहस भी की थी। गुरुवार सुबह पिता किसी काम से मुजफ्फरनगर गए थे। वहीं, मां लगभग सात बजे खेत पर गई थी। इसी दौरान छात्रा ने घर में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी।

लगभग नौ बजे मां घर वापस लौटी तो बेटी का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। एएसपी, सीओ सतीश त्यागी व थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

पूछताछ में स्वजन ने बताया कि पुलिस से आरोपित युवक के विरुद्ध शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात है। गुरुवार शाम को पुलिस की मौजूदगी में मृतका के शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- न रोटियों पर घी, न थाली में फल: अमरोहा के स्कूलों में बच्चों को परोसा जा रहा घटिया मिड-डे-मील, खुलने लगे पोल