विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिडौली में सुबह-सुबह आवारा कुत्तों का तांडव: 3 लोगों को नोचा, 2 मवेशियों को किया लहूलुहान; गांव में दहशत

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:27 PM (IST)

डिडौली गांव में आवारा कुत्तों ने तीन लोगों और दो मवेशियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिससे ग्रामीणों ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. डिडौली में शुक्रवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पास बोला हमला

संवाद सहयोगी, डिडौली (अमरोहा)। आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह डिडौली गांव में तीन कुत्तों ने पहले दो गोवंशीय पशुओं पर हमला किया। फिर अजय कुमार और दो राहगीरों को भी लहूलुहान कर दिया। लाठी-डंडा लेकर एकजुट हुए ग्रामीणों ने कुत्तों को बमुश्किल भगाया।

हालांकि, बात करने पर अधिकारी कुत्ते पकड़ने के लिए सरकारी बजट के इंतजार में है। फिलहाल, बीडीओ जोया नीरज गर्ग ने शनिवार को गांव में स्थिति पता कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही है।

डिडौली गांव में साप्ताहिक बाजार स्थल के पास करीब नौ बजे दो गोवंशीय पशु घूम रहे थे। इसी दौरान तीन आवारा कुत्ते आए और दोनों पशुओं पर हमला कर दिया। गांव के ही अजय कुमार ने कुत्तों को भगाने का प्रयास किया।

इस पर कुत्तों ने उन पर भी हमला कर दिया और उनकी बाईं टांग को नोचकर घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर कुत्तों को किसी तरह भगाया। कुछ देर बाद इन्हीं कुत्तों ने गांव पूरनपुर की ओर जा रहे दो राहगीरों पर हमला कर दिया।

हमले में एक राहगीर के हाथ और दूसरे के कूल्हे पर गहरा जख्म हो गया। दोनों किसी तरह वहां से निकल गए। लगातार हुई घटनाओं से गांव में खलबली मच गई। बाद में ग्रामीणों ने एकत्र होकर आवारा कुत्तों को गांव से बाहर खदेड़ा।

वहीं घायल अजय की सीएचसी में मरहम-पट्टी के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई। आवारा कुत्तों के हमले से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।

हसनपुर सर्किल में अधिक है आवारा कुत्तों का आतंक

आवारा कुत्तों का आतंक सबसे अधिक हसनपुर सर्किल क्षेत्र में बताया जा रहा है। शहर के साथ ही गांवों में भी आवारा कुत्ते आए दिन लोगों और पशुओं पर हमला कर रहे हैं।

डिडौली में भी कुत्तों के हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके अलावा अमरोहा नगर और गजरौला क्षेत्र में भी आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है।

एआरवी का पूरा कोर्स जरूरी

जोया सीएचसी प्रभारी डा.मोहम्मद उवैस बताते हैं कि कुत्ता, बंदर या बिल्ली के काटने पर तत्काल एंटी रेबीज वैक्सीन लगवानी चाहिए। चिकित्सक की सलाह के अनुसार पांच इंजेक्शन का कोर्स पूरा करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे: 146 किमी लंबे रूट के लिए जमीन खरीद तेज, 52 गांवों के किसानों को राहत