अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे: 146 किमी लंबे रूट के लिए जमीन खरीद तेज, 52 गांवों के किसानों को राहत
अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज हो गई है। नए सर्किल रेट लागू होने से किसानों को चार गुना मुआवजा मिलेगा, जिससे उन्हें राहत मिली है।

एआई इमेज है।
HighLights
हसनपुर तहसील के 17 व मंडी धनौरा के 35 गांवों से होकर गुजरेगा हरिद्वार एक्सप्रेसवे
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। जिले में जमीन का नया सर्किल रेट शुक्रवार 11 सितंबर से प्रभावी हो गया है। हरिद्वार एक्सप्रेसवे तहसील क्षेत्र में मेरठ प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे के टी प्वाइंट मंगरौला के नजदीक रूखालू गांव के पास से जोड़ा जाएगा। यहां से हरिद्वार एक्सप्रेसवे की लंबाई 146.24 किमी रहेगी। सर्किल रेट निर्धारित होते ही भूमि की खरीद की प्रक्रिया तेज हो गई है।
तहसील क्षेत्र के 17 गांवों में हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे की परिधि में आने वाले किसानों की भूमि का सर्वे और परिसंपत्तियों का सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है।
गाटा संख्या और भूमि के रकबे का समाचार पत्रों में प्रकाशन होने के बाद किसानों से भूमि के बैनामा कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उधर, नए सर्किल रेट लागू होने के बाद किसानों ने भी राहत महसूस की है।
उल्लेखनीय है कि 2026-27 के नए प्रस्तावित सर्किल रेट पर प्रशासन ने आपत्तियां प्राप्त करने के बाद आठ सितंबर को तहसील सभागार में सुनवाई करके आपत्तियों का निस्तारण कर नई सर्किल दरें घोषित कर दी हैं।
हसनपुर तहसील के शिकरौली और रूखालू गांव मेरठ से प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे की परियोजना में शामिल होने की वजह से यहां का सर्किल रेट कई साल से नहीं बढ़ाया जा सका था।
अब नए सर्किल रेट में 28 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 36 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है। किसानों को उक्त सर्किल रेट के सापेक्ष चार गुणा मुआवजा मिलेगा।
गांव में भूमि का बाजार भाव तो अधिक है लेकिन, कई साल से सर्किल रेट नहीं बढ़ा था अब नए दरों में यहां सर्किल रेट 28 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 36 लाख हो गया है। बढ़ोतरी स्वागत योग्य है। - सुभाष शर्मा।
मेरठ से प्रयागराज तथा रूखालू से हरिद्वार को गंगा एक्सप्रेसवे बनने से जनता को लाभ मिलेगा। यहां पर दो एक्सप्रेसवे बनने से मां गंगा के किनारे के गांव विकसित हो जाएंगे तथा यहां व्यापार भी बढ़ जाएगा। - डूंगर सिंह।
किसानों को गंगा एक्सप्रेसवे एवं हरिद्वार एक्सप्रेसवे में भूमि जाने का गम है लेकिन, यहां के विकास को पंख लग रहे हैं इस बात की खुशी है। दूसरी सबसे बड़ी खुशी हरिद्वार की दूरी कम होने की है। - मुकेश कुमार।
शिकरौली और रूखालू गांव की भूमि के लंबे समय बाद सर्किल रेट बढ़ाए गए हैं। नई सर्किल दरें लागू होने से किसानों को लाभ मिलेगा। हरिद्वार एक्सप्रेसवे के लिए भूमि का रेट अधिक मिलेगा। यह खुशी की बात है। - ओमकार सिंह।
अमरोहा हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे के अंतर्गत आने वाले गांवों की सर्किल रेट की नई सूची जारी हो गई है। शुक्रवार से ही नई सर्किल दरें प्रभावी हो गई हैं। जल्द ही किसानों से भूमि के बैनामा कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
- हिमांशु उपाध्याय, एसडीएम हसनपुर।
यह भी पढ़ें- अमरोहा में शोहदे की छेड़खानी से तंग आकर 10वीं की छात्रा ने दी जान, गांव में तनाव का माहौल
