फिल्मी क्लाइमेक्स की तरह अब दुर्घटना करीब लाएगी मुहम्मद शमी व हसीन जहां को
मुहम्मद शमी और उनकी पत्नी के बीच विवाद अब क्लाइमेक्स पर है। दो दिन पहले देहरादून में शमी के दुर्घटना में घायल होने के बाद अब लगता है इनके रिश्तों पर जमी बरफ पिघलने वाली है।
अमरोहा (जेएनएन)। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मुहम्मद शमी और उनकी पत्नी के बीच विवाद अब क्लाइमेक्स पर है। दो दिन पहले देहरादून में शमी के दुर्घटना में घायल होने के बाद अब लगता है इनके रिश्तों पर जमी बरफ पिघलने वाली है। इनकी कहानी अब बॉलीवुड फिल्म की तर्ज पर आ रही है। अक्सर फिल्मों में देखा जाता है कि दुर्घटना के बाद प्रेमी-प्रेमिका या फिर पति-पत्नी के बीच सारी दूरी समाप्त हो जाती है।
देहरादून में दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अब मुहम्मद शमी अपने गांव अमरोहा में हैं। पत्नी हसीन जहां को जब कोलकाता में शमी के दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली तो वह अपने पति से बात करने को बेहद ही बेकरार हो उठीं। बताया जा रहा है कि कई बार उन्होंने शमी से बात करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद तो हसीन जहां की बेचैनी बढ़ती ही गई। यह इस हद तक पहुंच गई कि हसीन जहां ने अमरोहा आने का फैसला किया।
हसीन जहां ने कोलकाता से नई दिल्ली के लिए उड़ान पकड़ ली है। वह नई दिल्ली से सड़क मार्ग से अमरोहा पहुचेंगी। शमी के हालत देख हसीन ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वह अपने पति से मिलना चाहती हैं, जो देहरादून से नई दिल्ली जाते हुए सड़क दुर्घटना में घायल हो गये थे। हसीन शमी से मिलने के लिए कोलकाता से दिल्ली रवाना हो चुकी हैं। हसीन जहां ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा था कि मेरी लड़ाई उन्होंने जो मेरे साथ किया है, उसके खिलाफ है। मैं उन्हें शारीरिक रूप से घायल होते हुए नहीं देखना चाहती। वह भले ही पत्नी के रूप में मुझे नहीं चाहते हों, लेकिन मैं अब भी उन्हें प्यार करती हूं क्योंकि वह मेरे पति हैं। मैं अल्लाह से उनके जल्द ठीक होने की दुआ करूंगी। हसीन जहां ने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ शमी से मिलने को बेताब हैं लेकिन उनसे संपर्क के सभी प्रयास विफल रहे हैं। यहां तक कि उनके परिवार के सदस्य भी मुझे नहीं बता रहे हैं कि वह इस समय कहां हैं। मैं बेबस महसूस कर रही हूं। मैं शमी के लिए कुछ बुरा नहीं चाहती। वह मेरा जानी दुश्मन नहीं है। अगर शमी बीमार है तो मुझे भी अच्छा महसूस नहीं हो सकता। मैं अल्लाह से दुआ मांगूगी कि शमी जल्दी ठीक हो जाए।
हसीन जहां शाम तक शमी के गांव सहसपुर अलीनगर पहुंचेंगी। हसीन जहां ने बताया कि पहले वह दिल्ली रुकेंगी तथा शाम तक गांव पहुंच सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह शमी से मिलने के लिए आ रही हैं। हादसे के बाद शमी का हाल तक न पूछने के आरोपों में घिरीं हसीन जहां ने शमी के साथ ही उनके गांव वालों से भी संपर्क साधा था। उनका कहना है कि शमी ने जहां फोन तक नहीं उठाया वहीं गांव वालों ने उनकी लोकेशन तक नहीं बताई। ऐसे में वह शमी से कैसे मिल सकती थीं। उसके बाद उन्होंने शमी से मिलने का यह निर्णय लिया।
देहरादून में शमी का हाल तक न पूछने के आरोपों में घिरी उनकी पत्नी हसीन जहां ने शमी के साथ ही उनके गांव वालों से भी संपर्क साधा। उनका कहना है कि शमी ने जहां फोन तक नहीं उठाया वहीं गांव वालों ने उनकी लोकेशन तक नहीं बताई। ऐसे में वह शमी से कैसे मिल सकती हैं। रविवार को शमी देहरादून में हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे। शमी का आरोप था कि उनकी पत्नी हसीन जहां ने फोन पर भी उनका हाल नहीं पूछा। बेवफाई के आरोपों में घिरी हसीन जहां ने कल सफाई दी और कहा कि रविवार दोपहर उन्हें शमी के एक्सीडेंट की खबर मीडिया के जरिए लगी। इसके बाद उन्होंने शमी को फोन किया था, मगर उनका मोबाइल स्विच ऑफ था। इसके बाद शमी के दोस्तों से भी उन्होंने फोन कर उनकी हालत की जानकारी ली।
वह तो कल देहरादून पहुंचने के लिए तैयारी में थीं, लेकिन उन्हें शमी के दोस्तों से ही पता चला कि वह देहरादून में नहीं हैं। इसके बाद शमी के मोबाइल पर कई फोन किए मगर उन्होंने रिसीव नहीं किए। उनके मोबाइल पर मैसेज भी भेजा, जिसके जवाब में शमी ने कहा कि अभी वह डॉक्टर के पास है। रात में बात करेंगे। हसीन जहां ने बताया कि शमी की उन्हें लोकेशन तक नहीं पता। उन्होंने शमी के गांव में रहने वाले पूर्व प्रधान के पति मुमताज, शमी के मामा तब्बू, ग्रामीण जाबिर, शेखू आदि कई लोगों को भी फोन किए मगर हर किसी ने शमी के बारे में जानकारी होने से इंकार कर दिया। इसके बाद से तो हसीन जहां की बेकरारी बढ़ती ही गई।
मुहम्मद शमी की कार देहरादून से नई दिल्ली जाते समय 24 मार्च को एक ट्रक से टकरा गई थी और उनके सिर में कुछ टांके लगे थे। शमी के हालत देख हसीन ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वह अपने पति से मिलना चाहती हैं।
शमी ने भाई हसीब के घर किया आराम
देहरादून में सड़क हादसे के दौरान घायल हुए क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने अस्पताल से छुट्टी लेकर अपने बड़े भाई हसीब के घर आराम किया। इसके बाद यहां से उनका कार्यक्रम दिल्ली जाने का है। रविवार तड़के शमी अपने मित्र उमेश जयकुमार व मोहम्मद फहद के साथ देहरादून से दिल्ली के लिए चले थे। रास्ते में उनकी कार को अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इसमें कार का चालक व मोहम्मद शमी चोटिल हो गए। फौरन ही दोनों को देहरादून के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सड़क हादसे में शमी के घायल होने की सूचना उनके परिवार के लोग व प्रशंसकों को सुबह लगभग नौ बजे मिली। इसके बाद उनकी हालत जानने के लिए प्रशंसक परेशान हो उठे थे। रविवार शाम को शमी अस्पताल से छुट्टी लेकर मुरादाबाद पहुंच गए। यहां उनके बड़े भाई हसीब रहते हैं। कल भी शमी ने यहीं पर आराम किया। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही यहां से दिल्ली रवाना हो जाएंगे। आगामी आइपीएल में बेहतर प्रदर्शन कर प्रशंसकों के भरोसे पर खरा उतरेंगे।
सुर्खियों में शमी व हसीन जहां का विवाद
मुहम्मद शमी और पत्नी हसीन के बीच का विवाद इस समय मीडिया की सुर्खियों में है। हसीन ने पति पर हमला करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कोलकाता पुलिस ने हसीन की शिकायत के बाद शमी के खिलाफ घरेलू हिंसा, आपराधिक धमकी और जहर के साथ नुकसान पहुंचाने, या सीधे-सीधे कहें तो हत्या करने के प्रयास का आरोप दर्ज किया है। हसीन ने शमी ही नहीं, बल्कि उनके भाई पर भी बलात्कार की कोशिश का आरोप लगाया है।
कब कराई डेढ़ करोड़ की शॉपिंग
एक वर्ष में डेढ़ करोड़ की शॉपिंग के बावूजद शमी पर दहेज उत्पीडऩ का आरोप लगाना कितना न्यायसंगत है। इस सवाल पर हसीन जहां बोलीं- उन्होंने कब कराई डेढ़ करोड़ की शॉपिंग। हसीन जहां ने कहा कि जब शमी के पास पैसे नहीं होते थे तब वह मॉडलिंग से मिले रुपये और चेक उनके खाते में डालती थीं। वह एक वर्ष में डेढ़ करोड़ की शॉपिंग कराते तो आज यह हालात होते भला। मीडिया में जब वह हकीकत लेकर सामने आई तो शमी सुलह की बात कर रहे थे।