विवाहिता की मौत के मामले में छह पर मुकदमा
रजबपुर विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों दहेज हत्या दर्ज की है।
रजबपुर: विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपित फरार हैं। पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया।
गुरुवार रात को थाना क्षेत्र के गांव आंबेडकर नगर निवासी सुरेंद्र सिंह की पत्नी सीनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव कमरे में पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान थे। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया तो पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में मृतका के भाई मोनू की तहरीर पर पुलिस ने पति सुरेंद्र, ससुर कृपाल सिंह, जेठ रिषिपाल सिंह, देवर सतेंद्र, नन्हें तथा जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद यादव ने बताया पति सुरेंद्र समेत छह ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्दी ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।