मारपीट व पथराव में छह लोग घायल
घर के दरवाजे के आगे बैठ कर गाली-गलौज करने से मना करने पर दबंगों ने घर के मुखिया और उसके परिवार के लोगों पर पथराव किया। दोनों तरफ से मारपीट भी हुई। घटना से मुहल्ले में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना में दोनों पक्षों की तरफ से छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है।
अमरोहा: घर के दरवाजे के आगे बैठ कर गाली-गलौज करने से मना करने पर दबंगों ने घर के मुखिया और उसके परिवार के लोगों पर पथराव किया। दोनों तरफ से मारपीट भी हुई। घटना में दोनों पक्षों की तरफ से छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला अफगानान की है। यहां पर दिलशाद खान अपने दो भाइयों के साथ रहते हैं। तीनों भाई पेशे से मजदूर हैं। दिलशाद खान की तबियत ठीक न होने के कारण सोमवार सुबह वह काम पर नहीं गए थे। उसके दोनों भाई बाग में आम तोड़ने चले गए। दिलशाद खान के घर की चौखट के आगे मुहल्ले के युवक छुट्टन, रईस, फैसल, अफजल बैठे थे। आरोप है कि वह आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। दिलशाद खान के मना करने पर चारों उनसे उलझ गए तथा उनके साथ भी गाली-गलौज करने लगे। अभी मुहल्ले के लोग एकत्र हुए तो दिलशाद ने विरोध जताया। चारों युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। परिवार की महिलाएं भी आयी तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव किया। इस घटना में दोनों पक्षों की तरफ से छह लोग घायल हो गए। चौका सिर में लगने से दिलशाद खान का सिर फट गया। मां मुस्करी खातून, पत्नी गौहर नाज व पड़ोस की महिला सायरा भी घायल हो गयी। जबकि फैसल व अफजल भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है।