ज्येष्ठ गंगा दशहरा कल, पुलिस प्रशासन अलर्ट
गजरौला : ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ब्रजघाट में शौचालय, पेयजल और बेरिक
गजरौला : ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ब्रजघाट में शौचालय, पेयजल और बेरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को कई स्थानों पर पुलिस फोर्स लगाया जा रहा है। ब्रजघाट में तीन दिवसीय ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेला का शुभारंभ हो गया।
गंगा दशहरा पर ब्रजघाट व तिगरी गंगा घाटों पर स्नान को श्रद्धालुओं को सैलाब उमड़ने की संभावना में पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। ब्रजघाट में खास व्यवस्था की जा रही है। स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए प्रशासन ने ब्रजघाट में शौचालय, पेयजल और स्नान के दौरान सुरक्षा को लेकर गहरे जल से पहले ही बेरिकेडिंग की है। ज्येष्ठ दशहरा मेला को लेकर गत दिवस मंगलवार को ब्रजघाट पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हापुड़ एवं अमरोहा के अधिकारियों ने गंगा पर्व की सफलता एवं व्यवस्था बनाए रखने के अधीनस्थों को स्पष्ट निर्देश दिए थे। उसमें निर्णय लिया गया कि समस्त गोताखोर घाट पर उपलब्ध रहेंगे, सफाई व्यवस्था के मद्देनजर श्रद्धालुओं के लिए अस्थाई शौचालय बनाए जाएंगे, साथ ही पालिका प्रशासन द्वारा गंगा घाटों पर वर्दीधारी सफाई कर्मचारी मुस्तैद रखेगी, वहीं पार्किंग के आसपास घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखें।
इधर, तिगरी में भी ज्येष्ठ दशहरा पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की रक्षा को गंगा के गहरे जल को चिन्हित करते हुए बांसों पर लाल झंडी लगाई गई हैं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल मौजूद रहेगा। साथ ही प्राइवेट गोताखोरों को भी घाट पर मुस्तैद रखने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं हाईवे पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने को जगह- जगह पुलिस बल लगाया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि जाम की स्थिति पैदा होने पर भारी वाहनों का डायवर्जन उच्चाधिकारियों के निर्देश पर किया जाएगा।