पुण्य के लिए भाजपाई मोदी-योगी किचन में तल रहे पूड़ी
भूखे प्यासे प्रवासी मजदूरों का सहारा बनी मोदी-योगी किचन के सहारे पुण्य कमाने को भाजपाई सेवाभाव से जुटे हैं।
गजरौला, जासं : लॉकडाउन में सबसे बुरी स्थिति जहां-तहां फंसे प्रवासी मजदूरों की है। मजबूर प्रवासी मजदूरों के खाने के लिए गजरौला के बसंत होटल में मोदी-योगी किचन संचालित है। जहां भाजपाई सब्जी बनाने से लेकर पूरी तक तल रहे हैं। बुधवार को इस रसोई में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शरद गर्ग, राजकुमार अग्रवाल, रामवीर सिंह गुजर, वीर सिंह भगत, नगर मंडल अध्यक्ष उत्तम सिंह प्रजापति, पूर्व प्रधान चौधरी तेजपाल सिंह आदि ने कारीगरों का हाथ बंटाते हुए सेवा भाव से कार्य किया। उसके बाद सब्जी-पूरी के पैकेट तैयार कर हाईवे से गुजरते एवं जहां-तहां फंसे प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों को वितरित किए। जिला उपाध्यक्ष ने कहा जरूरतमंदों की सहायता से करने से मन को बड़ी शांति मिलती है। बुधवार को पांच सौ से अधिक पैकेट वितरित किए गए।