रामनगर प्रकरण में संदिग्धों पर पुलिस की नजर
अमरोहा शिक्षक भाइयों के घर हुई आठ लाख रुपये की चोरी में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अमरोहा : शिक्षक भाइयों के घर हुई आठ लाख रुपये की चोरी में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में संदिग्धों की निगरानी शुरू कर दी है। जल्दी ही घटना का पर्दाफाश करने का दावा किया जा रहा है।
शुक्रवार की रात देहात थाना क्षेत्र के गांव रामनगर में चोरों ने शिक्षक भाइयों परम सिंह व अभिमन्यु के घर धावा बोल कर नकदी समेत आठ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था। उन्होंने चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश न होने पर चुनाव बहिष्कार करने की चेतावनी तक दी थी तथा गांव के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश चौधरी ने सीओ सदर विजय कुमार राना के साथ जाकर ग्रामीणों को समझा कर मामला शांत कराया था। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ली गई थी। अब पुलिस घटना का पर्दाफाश करने में जुट गई है। एसओ सुरेश गौतम ने बताया कि संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। जल्दी ही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा।