बागवानी के लिए महिला किसानों को प्रेरित करेंगे अफसर
अमरोहा परंपरागत खेती की बजाय किसान बागवानी करें तो अधिक मुनाफा कमा सकते हैं।
अमरोहा : परंपरागत खेती की बजाय किसान बागवानी करें तो अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। सरकार ने बागवानी को बढ़ावा देने के लिए तरह-तरह की योजनाएं चला रखी हैं। अब अफसर महिला किसानों को बागवानी खेती के लिए प्रेरित करेंगे।
सरकार द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना चलाई जा रही है। इसके तहत आम, अमरूद, केला व अन्य फलों के बाग लगाने व अन्य सब्जियों का उत्पादन करने पर सरकार द्वारा अनुदान दिया जाता है। बाग की कुल लागत के हिसाब से 50 फीसद अनुदान सरकार देती है। यह अनुदान उसके द्वारा तीन साल तक उपलब्ध कराया जाता है। अब सरकार ने महिला किसानों को बागवानी कराकर लाभान्वित करने का फैसला लिया है। इसके लिए अफसरों को दिशा निर्देश जारी किए है।
अधिकारियों की मानें तो अगर कोई महिला किसान बागवानी खेती करती है तो उसका तीन वर्षों तक अधिकारी समय- समय पर निरीक्षण करेंगे। फसल में रोग लगने पर उपचार भी बताएंगे। इसके अतिरिक्त फसल को कहां पर बेचा जाए, यह सुझाव भी देंगे। सरकार की हर योजना से उनको वाकिफ कराएंगे। अधिकारियों ने जनपदभर में महिला किसानों को गांव-गांव जाकर चिन्हित करने की कार्रवाई चालू कर दी है। महिला किसान बागवानी कर सरकारी योजना का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। जनपद में दो लाख चार हजार किसान पंजीकृत हैं। इनमें से महिला किसानों को चिह्नित किया जा रहा है। गोष्ठियां कर बागवानी खेती के बारे में बताया जाएगा।
राजीव कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी।