विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अभी खेल की भूख बाकी है...' टेस्ट संन्यास के बाद मोहम्मद शमी का बड़ा खुलासा; राजनीति और विवाद पर भी तोड़ी चुप्पी

Published: Sun, 08 Nov 2026 08:04 PM (IST)

मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है, इसे अपना निजी फैसला बताया। ...और पढ़ें

मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी

HighLights

  1. टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी बोले- मैदान मेरा घर, गेंद मेरा दिल और स्टंप मेरी खुराक

  2. सीमित ओवर के मैचों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए क्रिकेट के लंबे प्रारूप को शुक्रवार देर रात किया अलविदा

आसिफ अली, अमरोहा। पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराने और पिचों पर खतरनाक सीम मूवमेंट की वजह से विश्व क्रिकेट के सबसे घातक तेज गेंदबाजों में शुमार मोहम्मद शमी ने शुक्रवार रात टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। उन्होंने इससे जुड़ा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट सभी को चौंका दिया था।

उनके इस फैसले को लेकर खेल जगत से जुड़े लोग ही नहीं प्रशंसक भी अलग-अलग वजहों पर चर्चा कर रहे हैं। कुछ न्यूजीलैंड दौरे में चयन न होने से आहत भरा फैसला बता रहे। टीम चयन में लगातार नजरअंदाजी, कहीं शमी की दो टूक बयानबाजी पर लोग बात कर रहे हैं।

हालांकि मोहम्मद शमी ने इन बातों को सिरे से नकार दिया है। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद पहली बार मोहम्मद शमी से जागरण संवाददाता ने टेलीफोनिक बात की। प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश...।

प्रश्न: टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का फैसला क्यों लिया?

उत्तर: हर चीज का एक समय होता है। टेस्ट जैसे प्रारूप के लिए 13 साल लंबा सफर रहा है। मुझे लगा कि अब टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का सही समय है, लिहाजा ऐलान कर दिया। इसके लिए किसी की अनुमति लेने की जरूरत नहीं होती। यह मेरा अपना फैसला है, परिवार व दोस्तों से बात कर ही यह फैसला किया है। इसके पीछे कोई दबाव क्यों होगा।

shami cricket achivement

प्रश्न: लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर चयन को लेकर काफी तरह की बातें हो रही हैं। घरेलू क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के बाद भी टीम में जगह क्यों नहीं मिल रही?

उत्तर: देखिए, मेरा काम मैदान पर टीम के लिए सबसे बेहतर प्रदर्शन करना है। चयन करना, न करना समिति का निर्णय होता है। एक खिलाड़ी को अपने खेल पर ध्यान देते रहना चाहिए। इंटरनेट मीडिया पर क्या चल रहा है, वह मेरी जानकारी में नहीं। फिलहाल सैयद मुश्ताक अली ट्राफी पर ध्यान दे रहा हूं।

प्रश्न: टेस्ट टीम में तीन साल बाहर रहे। अब वन डे में लगभग डेढ़ साल से बाहर हैं। टीम में चयन न होने को लेकर क्या मानते हैं। दिमाग में क्या चलता है? जबकि घरेलू मैचों में लगातार बेहतर प्रदर्शन रहा है।

उत्तर: टीम में चयन होने न होने को लेकर मेरे दिमाग में कुछ नहीं चलता है। मैदान पर मेरा काम विकेट लेना है। मैच कोई भी हो, इससे फर्क नहीं पड़ता। अभी मेरा पूरा ध्यान सीमित ओवर क्रिकेट पर है। मैं पूरी तरह से फिट हूं। फिटनेस को लेकर कोई दिक्कत नहीं है।

प्रश्न: अपने टेस्ट क्रिकेट करियर को किस नजरिये से देखते हैं। करियर का यादगार पल क्या है?

उत्तर: 13 साल के करियर में कई उतार चढ़ाव देखे हैं। कई बार चोटिल हुए, टीम से बाहर रहे। फिर वापसी की तथा देश के लिए खेले। 229 टेस्ट विकेट मेरी पहचान हैं। डेब्यू मैच ही लीजेंड सचिन तेंदुलकर सर के साथ खेलने का अवसर मिला, वह करियर का यादगार पल था। मेरा डेब्यू मैच सचिन सर का अंतिम टेस्ट मैच था। सफेद ड्रेस के ड्रेसिंग रूम की याद आएगी।

प्रश्न: सालभर से आपके या आपके परिवार की किसी सदस्य द्वारा राजनीतिक पारी शुरू करने की चर्चा है। अब टेस्ट से संन्यास के बाद इसे बल मिल रहा है। क्या अगली पारी राजनीतिक पिच पर भी हो सकती है?

उत्तर: पता नहीं क्यों लोग निजी मुलाकात को भी अलग नजरिये से देखने लगते हैं। अभी मुझे सिर्फ क्रिकेट चाहिए। फिलहाल राजनीति में आने का कोई विचार नहीं है। अभी इससे दूर ही ठीक हूं। परिवार का भी कोई व्यक्ति इस पर विचार नहीं कर रहा है।

प्रश्न: संन्यास के एलान के बाद आपकी पत्नी हसीन जहां ने उम्र को लेकर सवाल उठाए हैं। पारिवारिक विवाद कब तक सुलझने की उम्मीद है?

उत्तर: मेरी उम्र को लेकर कोई क्या बोल रहा है, बोलने दें। अभी मेरे अंदर खेल की बहुत भूख बाकी है। मैदान मेरा घर, गेंद मेरा दिल और स्टंप मेरी खुराक है। पारिवारिक विवाद कोर्ट में विचाराधीन है।

 

यह भी पढ़ें- परिवार से सलाह के बाद मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा, भाई हसीब अहमद ने बताई मेन वजह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।