क्रिकेटर शमी के बाद अब भाई कैफ विवादों में: शादी का झांसा देने के आरोप में FIR दर्ज, अमरोहा का चर्चित परिवार फिर सुर्खियों में
क्रिकेटर मोहम्मद शमी के छोटे भाई मोहम्मद कैफ पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में लखनऊ के ...और पढ़ें

क्रिकेटर मोहम्मद शमी और मोहम्मद कैफ
HighLights
लखनऊ के आशियाना थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद चर्चा में क्रिकेटर भाई
जागरण संवाददाता, अमरोहा। क्रिकेटर मोहम्मद शमी के वैवाहिक विवाद के बाद अब उनके छोटे भाई मोहम्मद कैफ पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने से अमरोहा का यह चर्चित क्रिकेट परिवार फिर सुर्खियों में है। कैफ लंबे समय से बंगाल में रह रहे हैं और खास मौकों पर ही गांव आते हैं।
आरोप लगाने वाली महिला मई 2026 में अमरोहा स्थित घर पहुंचकर कैफ के स्वजन से भी बात कर चुकी है, लेकिन यहां कोई तहरीर नहीं दी थी। अब मामला दर्ज होने के बाद गांव से फार्म हाउस तक सन्नाटा है और परिवार ने मीडिया से दूरी बना ली है।
दरअसल क्रिकेटर मोहम्मद शमी 2011 में टीम इंडिया में खेलने से पहले केकेआर के लिए आइपीएल खेलते थे। उसी दौरान हसीन जहां से उनकी मुलाकात हुई थी। बाद में दोनों ने 2014 में शादी कर ली थी। अब दोनों के परिवार में एक बेटी आएरा शमी है।
इससे पहले शमी भी बंगाल से खेलते रहे हैं। 2018 में दोनों में अलगाव हो गया। हसीन ने शमी से अन्य महिलाओं से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया था।फिलहाल मामला कोलकाता कोर्ट में विचाराधीन है।
उनके छोटे भाई मोहम्मद कैफ ने भी स्थानीय स्तर पर क्रिकेट की शुरुआत कर बंगाल का रुख किया था। वह बंगाल के लिए रणजी ट्राफी खेल चुके हैं। अब यह परिवार फिर से सुर्खियों में है।
एक महिला ने कैफ कर शादी करने का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रविवार को इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को हुई तो चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
लोग इंटरनेट मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चा कर रहे हैं। वहीं शमी व कैफ के गांव सहसपुर अलीनगर में घर पर भी कोई नहीं है तथा उनके फार्म हाउस पर भी अन्य दिनों के सापेक्ष चहल-पहल नहीं है।
इस मामले में शमी, कैफ या उनके बड़े भाई हसीब अहमद से भी संपर्क नहीं हो सका है। वहीं कुछ लोग दबे मुंह यह भी चर्चा कर रहे हैं कि इस सारे प्रकरण के पीछे एक राजनीतिक व्यक्ति की साजिश है।
