क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई हसीब अहमद की राजनीति में एंट्री! अमरोहा सीट से RLD के टिकट पर लड़ सकते हैं चुनाव
क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई हसीब अहमद अमरोहा विधानसभा सीट से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में ...और पढ़ें

हसीब अहमद
HighLights
सीट के बंटवारे के बाद रालोद से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज, अमरोहा सीट को लेकर चल रहा अटकलों का दौर
आसिफ अली, अमरोहा। सूबे में विधान सभा चुनाव नजदीक हैं। सभी दल चुनावी जमीन तैयार करने में जुटे हैं। इस बीच क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई हसीब अहमद भी अमरोहा विधान सभा सीट से राजनीति की पिच पर उतरने की तैयारी में हैं। राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा जोरों पर है। मुस्लिम संप्रदाय और उसमें भी तुर्क बिरादरी बहुसंख्यक होने से इन संभावनाओं का आधार और मजबूत हो रहा।
खुद हसीब भी इससे इन्कार नहीं कर रहे। हालांकि, भाजपा और गठबंधन में सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) संग सीटों का निर्धारण का ‘टास’ तय करेगा कि हसीब पर दांव कैसे खेला जाएगा।
जिले की चारों विस सीट में अमरोहा सीट सपा के लिए सबसे अहम है। क्योंकि इस सीट पर सपा के कद्दावर नेता महबूब अली लगातार पांचवीं बार विधायक हैं। इस लिहाज से यह सीट सपा के लिए रिजर्व मानी जाती है।
मुस्लिम बाहुल्य इस सीट पर किसी भी दल का प्रत्याशी महबूब अली के तिलिस्म को तोड़ने में कामयाब नहीं रहा है। इस सीट पर सवा तीन लाख के आसपास मतदाता हैं। जिनमें लगभग दो लाख मुस्लिम मतदाता हैं।
इनमें सबसे अधिक तुर्क बिरादरी के लगभग 70 हजार मतदाता हैं। अब आगामी विस चुनाव को लेकर सभी दल तैयारियों में जुटे हैं। केंद्र में भाजपा व रालोद गठबंधन में हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार रालोद अमरोहा व नौगावां सादात सीट पर दावेदारी जता रही है।
इसमें चौंकाने वाली अहम बात यह है कि यदि रालोद के खाते में अमरोहा सीट जाती है तो यहां से क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई हसीब अहमद को चुनाव लड़ाया जा सकता है। इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर इसकी चर्चा भी तेजी से चल रही है।
मुस्लिम विशेषकर तुर्क वोटों के साथ ही भाजपा व रालोद के वोट बैंक से सहारे उन्हें चुनावी पिच पर उतारने की रणनीति बनाई जा रही है। इस बारे में हसीब अहमद ने भी स्पष्ट किया है कि चुनाव लड़ने को लेकर वह विचार कर रहे हैं।
यदि कोई दल क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर देगा तो उस पर निर्णायक फैसला लेंगे। वहीं रालोद के जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी ने कहा कि अभी सीट के बंटवारे को लेकर शीर्ष नेतृत्व को फैसला लेना है। राजनीति में कुछ भी संभव है।
यदि पार्टी नेतृत्व हसीब अहमद को प्रत्याशी घोषित करेगा तो चुनाव दमदार तरीके से लड़ा जाएगा। यानी इंटरनेट मीडिया पर चल रही चर्चाओं में कहीं न कही दम है। बता दें कि बीते लोकसभा चुनाव में क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडने को लेकर काफी तेजी के साथ चर्चा चली थी।
