होर्डिंग-बैनर की आड़ में पालिका को चूना
जागरण संवाददाता अमरोहा पालिका कर्मियों की मिलीभगत से सड़कों के किनारे गड़े यूनीपोलो पर अवैध रूप से होर्डिंग और इलेक्ट्रानिक्स एलइडी लगाकर अपनी दंबगी के बल पर कुछ लोग हर माह पालिका को लाखों रुपये के राजस्व का चूना लगा रहे हैं। शिकायत पर पालिका प्रशासन ने पिछले वर्ष कार्रवाई करनी चाही तो दबंगों ने अपने आपको एक रसूखदार नेता का करीबी बताते हुए धमका लिया। पालिका ने इसकी शिकायत रसूखदार नेता से की तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया। अब पालिका दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।
अमरोहा : पालिका कर्मियों की मिलीभगत से सड़कों के किनारे गड़े यूनीपोलों पर अवैध रूप से होर्डिंग और इलेक्ट्रानिक्स एलईडी लगाकर पालिका को प्रतिमाह लाखों रुपये के राजस्व का चूना लगाया जा रहा है। अब पालिका इनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।
नगर में सड़क किनारे खड़े पोल और सरकारी संपत्तियों पर व्यापारियों और राजनैतिक संगठनों के बैनर, होर्डिंग लगवाने के बदले पालिका प्रशासन द्वारा निर्धारित शुल्क लेने का प्रावधान है। पालिका हर वर्ष किसी व्यक्ति को होर्डिंग व बैनर लगाने का ठेका देती है। पिछले वर्ष यह ठेका 2.44 लाख रुपये में दिया गया था। जबकि वर्तमान में यह ठेका 3.1 लाख रुपये में दिया गया है। ठेके से यूनीपोलों व चार चौराहों को अलग रखा गया है। इसका कारण यह है कि पिछले साल से पालिका प्रशासन की मिलीभगत से दो व्यक्ति अपनी दबंगई के बल पर सड़क किनारे लगे यूनीपोलों पर होर्डिंग और बैनर तथा एलईडी लगाकर पालिका को लाखों के राजस्व का चूना लगा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक यूनीपोल पर एक होर्डिंग लगाने वाले से हर माह आठ से दस हजार रुपये वसूली की जाती है। शहर में इन स्थानों पर लगे होर्डिंग-बैनर
अमरोहा : नगर में 15-20 होर्डिंग, बैनर और एलइडी जगह-जगह यूनीपोलों पर अवैध रूप से लगा रखी हैं। इसके बदले हर माह लाखों रुपये वसूलते हैं। टीपीनगर चौराहे पर एक एलईडी, गांधी मूर्ति पर लगे यूनिपोलों पर चार होर्डिंग, जोया रोड पुल पार गड़े यूनिपोलों पर पांच होर्डिंग, बिजनौर रोड पर लगे यूनिपोलों पर तीन होर्डिंग व अन्य स्थानों पर स्थित यूनिपोलों पर भी अवैध रूप से होर्डिंग लगे हैं। पालिका को प्रतिमाह लाखों की चपत
अमरोहा : सूत्रों के मुताबिक कुछ पालिका कर्मी भी इस खेल में शामिल हैं। एक होर्डिग लगाने के बदले आठ से दस हजार रुपये हर माह वसूली होती है। इस प्रकार 15 होर्डिंग लगाने के बदले लगभग 1.20 लाख रुपये हर माह वसूलकर पालिका को चूना लगाया जा रहा है।
रसूखदारों के आगे बौना बना पालिका प्रशासन
अमरोहा : पालिका प्रशासन के कुछ कर्मियों ने पिछले वर्ष यूनिपोलों पर अवैध रूप से होर्डिग-बैनर और एलईडी लगाने का विरोध किया। अवैध रूप से लगे होर्डिंग और बैनर उतरवाने का भी प्रयास किया था। इस पर दबंगों ने एक बड़े नेता का करीबी बताते हुए धमका दिया। यही वजह है कि आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
संज्ञान में यह मामला नहीं है। पूरी जानकारी कराई जाएगी। इसके बाद बिना इजाजत होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुखबीर सिंह, प्रभारी अधिशासी अधिकारी।