घायल की मौत पर पुलिस से नोकझोंक, हंगामा
गजरौला: ईद के रोज क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा में बच्चों के विवाद में हुए खूनी संघर्ष में घायल
गजरौला: ईद के रोज क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा में बच्चों के विवाद में हुए खूनी संघर्ष में घायल तेईस वर्षीय युवक शाहिद की उपचार के दौरान मेरठ के एक अस्पताल में मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। शव आते ही पीड़ित पक्ष के लोगों ने एम्बुलेंस को थाने के सामने रोक लिया। हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर पुलिस से जमकर नोकझोंक, हंगामा हुआ। पुलिस ने किसी तरह से समझाकर लोगों को शांत किया। इस दौरान करीब तीस मिनट तक धनौरा रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा में ईद के दिन गांव निवासी खुर्शीद सैफी का दस वर्षीय बेटा मोहल्ले में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेल-खेल में बच्चों में विवाद हो गया था। विवाद में बड़े भी कूद गए। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे एवं पत्थर बाजी की गई थी। विवाद के चलते गांव में एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
मारपीट में एक पक्ष के खुर्शीद, अजीमुल्ला, शकीरन, शाहिस्ता, नदीम, जबकि दूसरे पक्ष के शाहिद(23) पुत्र इस्लाम, परवीन, शरीफ व भूरे बुरी तरह से घायल हो गए थे। यहां से शाहिद व अजीमुल्ला को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह शाहिद ने मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, गांव में शांति व्यवस्था बनाने के लिए पहले से तैनात पुलिस बल और बढ़ा दिया गया। कई थानों से फोर्स को बुला लिया गया।
मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष के लोग थाने के बाहर जमा हो गए। दोपहर को जब एम्बुलेंस में शाहिद का शव गजरौला पहुंचा तो लोगों ने थाने के सामने ही एम्बुलेंस को सड़क पर रूकवा लिया। पुलिस के समझाने पर नोकझोंक शुरू हो गई। करीब तीस मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस ने बामुश्किल लोगों को समझाकर शांत कराया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ लोगों को नामजद करते हुए बीस पच्चीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ईद व बहन की शादी की खुशियां हुईं मातम में तब्दील
गजरौला : ईद पर गांव खाईखेड़ा में हुए खूनी संघर्ष में घायल हुए शाहिद की मौत के बाद गांव का माहौल गमगीन हो गया है। शाहिद के परिवार में चचेरी बहन की सोमवार को शादी है। इसके चलते परिवार में ईद एवं शादी एक साथ आने से खुशी दोगुनी हो रही थी। शादी की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी थीं। लेकिन शाहिद की मौत से ये तमाम खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आठ माह पहले हुई थी शाहिद की शादी
गजरौला : गांव खाईखेड़ा में ईद के त्योहार पर हुए खूनी संघर्ष में घायल शाहिद की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। शाहिद की शादी करीब आठ माह पहले ही हुई थी। वह तीन माह बाद पिता भी बन जाता, लेकिन उसे क्या मालूम था कि वह पिता बनने से पहले दुनिया को अलविदा कह देगा। शाहिद की मौत से उसकी गर्भवती पत्नी व अम्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। ईद से दो दिन पहले ही दिल्ली से आया था शाहिद
गजरौला : गांव खाईखेड़ा में हुए खूनी संघर्ष में घायल शाहिद की मौत के बाद गांव का माहौल गमगीन हो गया है। बताते हैं कि शाहिद ईद से दो दिन पहले ही गांव खाईखेड़ा आया था। बताते हैं कि वह दिल्ली में सैलून की दुकान पर काम करता था। ईद का त्योहार मनाने व चचेरी बहन की शादी की खुशियों में शामिल होने दिल्ली से आया था। उसे क्या मालूम था कि ईद की खुशी भी अधूरी ही रह जाएगी और बहन की शादी की खुशियों में भी वह शामिल नहीं हो पाएगा। शाहिद के कंधों पर था घर के खर्चे का बोझ
गजरौला : गांव खाईखेड़ा में ईद के त्योहार पर हुए खूनी संघर्ष में घायल शाहिद की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद से परिवार वालों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। शाहिद छह बहन-भाइयों में दूसरे नंबर का था। सबसे बड़ी बहन शाहिस्ता से छोटा शाहिद, इसके बाद राशिद, बहन राशिदा व भाई समीर सभी की जरूरतों को पूरा करने का जिम्मा फिलहाल शाहिद के कंधों पर था। शाहिद की मौत से छोटे बहन- भाइयों की उम्मीदों को झटका लगा है। उनका रो-रोकर बुराहाल है।
शाहिद के भांजे को भी मारने का आरोप
गजरौला : शाहिद की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि कई साल पहले शाहिद के भांजे खुर्शीद को भी दिल्ली काम पर ले जाकर दूसरे पक्ष के लोगों ने मारा था। उस मामले में आजतक कोई कार्रवाई भी नहीं हुई। आठ नामजद समेत 33 के खिलाफ रिपोर्ट
गजरौला : क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा में हुए खूनी संघर्ष में घायल शाहिद की उपचार के दौरान मौत होने के बाद तहरीर के आधार पर पुलिस ने नन्हें पुत्र हैदर, खुर्शीद पुत्र अजीमुल्ला, अजीमुल्ला पुत्र मिन्ने खां, नाजिम पुत्र खुर्शीद, निजामुद्दीन पुत्र मम्मद,जाहिद पुत्र अजीमुल्ला, शाहिद पुत्र अजीमुल्ला, इसरार पुत्र मिखा व बीस पच्चीस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में पुलिस बल तैनात
गजरौला : ईद पर हुए खूनी संघर्ष के बाद से ही गांव खाईखेड़ा में शांति व्यवस्था बनाए रखने की ²ष्टि से शनिवार को ही गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। घायल शाहिद की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद से गांव में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। कई थानों की फोर्स गांव में तैनात है। उधर, खाईखेड़ा में खूनी संघर्ष में घायल युवक की मौत के बाद दूसरे पक्ष के लोग घरों पर ताला लगाकर फरार हो गए। उनके घरों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
खाईखेड़ा में हुए खूनी संघर्ष में घायल एक युवक की मौत हो गई। परिजनों को समझाकर शांत कर दिया है। तहरीर के आधार पर आठ लोगों को नामजद करते हुए बीस पच्चीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
अशोक कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक, थाना गजरौला।