वाहन है ओवरलोड तो फास्ट टैग से कटेगा जुर्माना
अमरोहा आने वाले साल के अंत में हाईवे पर टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों का जुर्माना फास्टटैग से कटेगा।
अमरोहा: आने वाले साल के अंत में हाईवे पर टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों का जुर्माना फास्ट टैग से आटोमैटिक कट जाएगा। यानि अभी तक पुलिस व परिवहन विभाग की नजरों में धूल झोक कर गुजरने वाले वाहन चालकों को फिर या तो वाहन अंडरलोड लेकर चलना होगा या फिर टोल पर पहुंचते ही जुर्माना का भुगतान करना पड़ेगा।
बेहतर यातायात व्यवस्था संचालित होने में ओवरलोड वाहन भी एक बड़ी बाधा हैं। कई बार हाईवे पर ओवरलोड वाहन न सिर्फ हादसे का सबब बनते बल्कि जाम लगने का कारण भी बनते हैं। अभी तक ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग या पुलिस कार्रवाई करती है। कई बार वाहन चालक इनकी आंखों में धूल झोक कर निकल जाते हैं। परंतु भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) अब जल्दी ही ओवरलोडिग पर भी लगाम लगाने जा रहा है।
बता दें कि जोया स्थित टोल प्लाजा पर भी प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में ओवरलोड वाहन गुजरते हैं। परंतु वह यहां से केवल फास्ट टैग का चार्ज देकर ही गुजर जाते हैं। अब ओवरलोडिग पर शिकंजा कसने की तैयारी है। इस बारे में टोल प्लाजा के डिप्टी मैनेजर मनी सिंह ने बताया फिलहाल टोल पर ओवरलोडिग का जुर्माना वसूले जाने की कोई व्यवस्था नहीं है परंतु जल्दी ही इस सिस्टम को अपडेट किया जाएगा। बीम के साथ भार मशीन, हाईवे सेपरेटर डिवाइस और ऑटोमेटिक व्हीकल क्लीयरिफायर लगाए जाएंगे। यह तीनों सिस्टम भारी वाहनों के लोड का डिजिटली आकलन करेंगे। बताया कि जल्दी ही टोल को अपग्रेड किया जाएगा। उम्मीद है वर्ष 2021 के अंत में यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। ओवरलोड वाहनों का जुर्माना फास्ट टैग से ही वसूला जाएगा।