गजरौला मे होलिका दहन संग छाया होली का खुमार
गजरौला: औद्योगिक नगरी में बुधवार की रात होलिका दहन के साथ ही होली की खुमारी छा गई। बाजारों व सड़कों प
गजरौला: औद्योगिक नगरी में बुधवार की रात होलिका दहन के साथ ही होली की खुमारी छा गई। बाजारों व सड़कों पर युवाओं की टोलियां घूमना चालू हो गई। वहीं सड़कों व विभिन्न क्षेत्रों में होली गीत गूंजना प्रारंभ हो गए। सड़कों पर पैदल, मोटर साइकिल व चार पहियों वाहनों में सवार लोगों के चेहरे रंग-गुलाल से रंगे नजर आने लगे थे।
बुधवार को नगर में इंदिरा चौक, फाजलपुर, बस्ती, शुक्लपुरी, मायापुरी, आंबेडकर नगर, स्टेशन, नाईपुरा, लक्ष्मीनगर, वसंत विहार, अतरपुरा, अल्लीपुर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित विभिन्न स्थानों पर रखी होलिका की महिलाओं इत्यादि ने पहुंचकर पूजा की। मुहल्ला मायापुरी निवासी ज्योतिषाचार्य पंडित विरेंद्र शर्मा ने बताया कि फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी से पूर्णिमा तक होलाष्टक मूहुर्त रहा। वहीं बुधवार सुबह 10:45 से रात्रि 8:59 तक भद्रा रहने के कारण दहन का मुहूर्त रात्रि 9:00 बजे आते ही मंत्रोच्चार संग होलिका का दहन किया गया। दहन के साथ ही होली के गीत भी गुनगुनाने की रीत निभाई।
इसके साथ रंग-गुलाल उड़ाने का हुड़दंग चालू हो गया। बाजारों में युवाओं की टोलियां भी घूमना चालू हो गई। कांकाठेर में भी होलिका दहन स्थल पर पहुंचकर गांव की महिलाओं ने पूजा अर्चना की।
कैबिनेट मंत्री चेतन व विधायक राजीव तरारा के आवासों पर खेली गई होली
गजरौला : बुधवार को कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के नेशनल हाईवे किनारे कोरल फैक्ट्री परिसर स्थित आवास पर होली खेली गई। यहां होली गीतों पर जमकर पार्टी के लोग झूमे। रंग-गुलाल उड़ाया। यहां जुटे पार्टी के लोगों ने मंत्री को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। यह सिलसिला दोपहर में कई घंटे चला। इस दौरान उनसे मिलने पहुंचने वाले खास लोगों में पार्टी के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला, विधायक महेंद्र सिंह खडगवंशी, भाजपा नेता व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति चौधरी भूपेंद्र सिंह, मंडी धनौरा के पालिकाध्यक्ष राजेश सैनी, महामंत्री शरद गर्ग, डॉ उत्तम सिंह प्रजापति इत्यादि लोगों का जमघट लगा रहा। उधर एमडीए स्थित विधायक राजीव तरारा के आवास पर भी जमकर रंग-गुलाल उड़ाया गया। यहां भी शाम तक होली मिलने वाले पार्टी के लोगों का तांता लगा रहा।