हसनपुर में वर्षा बारिश से गिरा मकान, बाल-बाल बचे स्वजन
हसनपुर तहसील क्षेत्र के जेबड़ा मुस्तैकम गांव में एक विधवा का मकान बरसात के दौरान भरभरा कर गिर गया।
हसनपुर : तहसील क्षेत्र के जेबड़ा मुस्तैकम गांव में एक विधवा का मकान बरसात के दौरान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से स्वजन बाल बाल बच गए। हजारों का कीमती सामान नष्ट हो गया।
गांव निवासी राजवीर सिंह की तीन साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उनकी पत्नी हरनंदी अपनी बेटी रुचि व बेटे चंद्रशेखर के साथ दो कमरों के मकान में रहकर मेहनत मजदूरी कर परिवार का जीवन यापन कर रही है। घर में गरीबी के चलते मकान की छत पक्की व दीवारों पर प्लास्तर भी नहीं हो सका था। रविवार को सुबह से हो रही भारी वर्षा के चलते शाम चार बजे उनके दोनों कमरों की छत व दीवारें गिर गई। मां व बच्चों ने बमुश्किल अपनी जान बचाई।
पूर्व प्रधान धर्मवीर सिंह ने बताया कि हरनंदी की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। बरसात में यह परिवार खुले आकाश के नीचे रहने को विवश हो गया है। उन्होंने मामले की सूचना तहसील प्रशासन को देकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता तथा प्रधानमंत्री आवास दिलाने की मांग की है। गजरौला व हसनपुर में वर्षा से जलमग्न हुई फसलें, सर्दी बढ़ी
हसनपुर : रविवार सुबह से हो रही भारी वर्षा से फसलें जलमग्न हो गई हैं। वहीं मौसम सुहावना होने से ठंड भी बढ़ गई है। दिन भर आसमान में काली घटाएं छाई रहने से सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए तथा दिन भर सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्र में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था न होने से कई स्थानों पर रास्तों जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। उधर, गजरौला में भी दिन में अंधेरा सा छा गया। जिसकी वजह से सड़क पर चलने वाले वाहन लाइट जलाकर गुजरते हुए नजर आए। बारिश ने खोली नालों की सफाई की पोल
उझारी : वर्षा से जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। अचानक रविवार को भारी वर्षा ने नगर में नालों की सफाई की पोल खोल दी है। किसान बरसात से आलू की खेती को भारी नुकसान बताया जा रहा है। सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ प्रारंभ हुई वर्षा ने दोपहर में तेजी पकड़ ली। मुहल्ला सादात, शाही चौक, कादरी चौक, कुम्हारान, करैशियान, सरकारी अस्पताल, टीपू चौक आदि में जलभराव होने से लोग परेशान रहे। वर्षा के चलते बिजली बिल भी दिन में अधिकांश समय गायब रही।