फरवरी से चौपला पुल पर दौड़ेगा हाईवे का ट्रैफिक
गजरौला : नेशनल हाईवे के चौपला पुल से अगले माह यानी फरवरी में ट्रैफिक दौड़ना चालू हो जाए
गजरौला : नेशनल हाईवे के चौपला पुल से अगले माह यानी फरवरी में ट्रैफिक दौड़ना चालू हो जाएगा। इसके निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है और अंतिम दौर में पहुंच गया है। इसके पूरा होते ही यहां रोज लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी।
चौपला का यह पुल एक दशक पूर्व हुए फोरलेन के काम के दौरान पेड़ों का कटान नहीं होने के कारण अधूरा छूट गया था। यह पेड हस्तिनापुर वन सेंच्यूरी क्षेत्र में होने के कारण उन्हें काटने की अनुमति नहीं मिल सकी थी। हाल में इनका कटान होने के बाद काम शुरू किया गया था। कई माह से चल रहा यह कार्य अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। पिलर बनने के बाद उन पर गार्डर भी रखे जा चुके हैं। इनके ऊपर सड़क बनाने को लगभग झूला भी बना जा चुका है। उस पर मिट्टी इत्यादि डाल कर समतल किया जा रहा है। उधर पुल के इस भाग को सड़क से मिलाने का काम भी चल रहा है। निर्माण एजेंसी के अधिकारी इसे तेजी से पूरा करा रहे हैं। चूंकि इसकी कार्य अवधि फरवरी तक की ही है। इसके पूरा होने के बाद यहां लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। हालांकि वर्तमान में इस कार्य के चलते लोगों को खासी दिक्कत हो रही है। रोज जाम से जूझना पड़ता है। सुबह शाम जाम रहने से लोगों का काफी समय यहीं खराब हो जाता है। बुधवार की शाम भी यहां घंटों जाम की स्थिति बनी रही थी। जाम के चलते ब्रजघाट साइड में एसबीआइ तक और इधर बिजलीघर तक वाहनों की कतार पहुंच गई थी। दोपहिया वाहन चालक तक नहीं निकल पा रहे थे। उन्हें भी काफी मशक्कत से निकलना पड़ रहा था।