विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Amroha News: 30 फीट ऊंचे ताजिया में उतरा हाईवोल्टेज करंट, दो की मौत, 60 से ज्यादा झुलसे

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
Published: Sun, 30 Jul 2023 02:36 PM (IST)

Amroha News In Hindi ताजिया हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो की मौत हुयी और 60 से अधिक ...और पढ़ें

Amroha News: अमरोहा में करंट लगने के बाद जला ताजिया
Amroha News: अमरोहा में करंट लगने के बाद जला ताजिया

अमरोहा, जागरण संवाददाता। तय सीमा से अधिक ऊंचाई वाला ताजिया लेकर चलने के कारण मुहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ट्रिपलर (खुली ट्राली) में लेकर जा रहे करीब 30 फीट ऊंचे ताजिया में पावर ग्रिड की लाइन से करंट उतर आया। तेज धमाके के साथ आग लग गई। साथ ही नीचे जलभराव होने से पानी में भी करंट फैल गया। हादसे में एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच दर्जन से अधिक लोग झुलस गए हैं। शासन की ओर से 12 फीट तक के ताजिया निकालने की ही अनुमति दी गई थी।

घायलों की हालत में सुधार

डीएम राजेश कुमार त्यागी का कहना है कि जुलूस निकालने वालों को जिला और तहसील स्तर पर बैठक कर 12 फीट का ताजिया होने के शासनादेश से अवगत कराया गया था। सभी घायलों की हालत में सुधार है। जांच के लिए एक टीम गठित की जाएगी। जो भी जिम्मेदार होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

तीस फीट का था एक ताजिया

गांव पतेई खालसा से होकर पावर ग्रिड की 400 किलो वाट (केवी) की लाइन जा रही है। जुलूस में शामिल चार ताजियों में एक करीब 30 फीट ऊंचा था। ट्रिपलर पर रखे होने के साथ ही उसके ऊपर लाउडस्पीकर भी लगा रखे थे। लाइन के नीचे आते ही ताजिया में करंट फैल गया। इससे पहले जुलूस में शामिल तीन सौ से अधिक लोग कुछ समझ पाते, ताजिया में आग लग गई और राड और ट्रिपलर के माध्यम से करंट नीचे पानी में आ गया। लाउडस्पीकर के बैटरे भी फट गए। लोग करंट लगने से पानी में ही गिर गए। कई लोग घिसट-घिसटकर पानी से बाहर निकले। 

टेंट का पाइप हाईटेंशन लाइन से छुआ, दो युवक झुलसे

मुहर्रम पर लंगरदारी के लिए लगाए गए टेंट का पाइप हाईटेंशन लाइन में छू जाने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। करंट लगने से घोड़ा की मृत्यु हो गई। दोनों युवकों को सीएचसी लाने के बाद पीलीभीत रेफर कर दिया गया। हादसा शनिवार को दोपहर के समय हुआ। नगर से सटे गांव सिमरिया तालुके महाराजपुर में मुहर्रम पर लंगरदारी का आयोजन किया गया, इसके लिए टेंट लगाया गया। लंगरदारी होने के बाद टेंट का सामान पड़ोसी गांव राजीवनगर निवासी रहमत शाह के तांगा (घोड़ा वाली बुग्गी) पर मोहम्मद आसिफ और आलम शाह लाद रहे थे। अचानक लोहे का पाइप ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन में छू गया। इससे दोनों युवक गंभीररूप से झुलसकर बेहोश हो गए। करंट लगने से घोड़े की मृत्यु हो गई।

रहमत के शोर करने पर आस पड़ोस के लोग जुट गए। दोनों युवकों को रेत में दबा दिया गया। होश में आने पर उन्हें सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सक ने उपचार के बाद जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया। हादसे को लेकर अफरा तफरी का माहौल रहा। वहीं रहमत ने तार टूटकर गिरने से झुलसने की बात कही है। एसडीओ विद्युत प्रवीण कनौजिया ने बताया कि लाइन के नीचे टेंट लगाया गया। लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन के तार में छूने से हादसा हुआ। तार टूटने से दुर्घटना नहीं हुई है।