9 महीने की यशी को देख पसीजा दिल, CM योगी ने दी चॉकलेट और दिया प्रतिभा हत्या कांड में न्याय का आश्वासन
प्रतिभा की मां फूलवती ने अपनी नौ माह की नातिन यशी के साथ गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात ...और पढ़ें

लखनऊ में मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाती फूलवती। सौ. स्वयं
HighLights
दो जून को प्रतिभा की हुई थी मौत, नौ माह की नातिन यशी के साथ सीएम से गोरखपुर में की मुलाकात
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। चर्चित प्रतिभा मौत प्रकरण में न्याय की गुहार लेकर उनकी मां फूलवती अपनी एक वर्ष की नातिन यशी के साथ बुधवार को गोरखपुर में जनता दर्शन में पहुंची। जहां सीएम योगी आदित्यनाथ को आठ पृष्ठीय शिकायती पत्र देकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने मासूम बच्ची को चाकलेट दी और उनकी समस्या को सुनकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
सैदनगली थाना क्षेत्र के तरारा गांव निवासी शीशपाल ने अपनी बेटी प्रतिभा की शादी 23 अप्रैल 24, को हसनपुर कोतवाली के गांव शाहपुर कला निवासी सोनू के साथ की थी। दो जून को शाम करीब सात बजे प्रतिभा की मौत हो गई थी।
विवाहिता की मौत से आक्रोशित लोगों ने कई घंटे तक शाहपुर कला में हंगामा करने के साथ ही हसनपुर रहरा मार्ग जाम कर दिया था। वहीं, आरोपितों के घर में आग भी लगाई गई थी।
पुलिस ने इस मामले में विवाहिता के पिता शीशपाल की तहरीर पर पति सोनू, ससुर चेतराम, सास राजेश्वरी, जेठ धर्मेंद्र एवं रिश्तेदार आशीष निवासी कांकाठेर थाना गजरौला के खिलाफ दहेज हत्या में प्राथमिकी दर्ज की थी।
आशीष, राजेश्वरी और धर्मेंद्र जमानत पर जेल से बाहर आ गए हैं। जबकि पति और ससुर अभी जेल में हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि प्रतिभा पर पहली लड़की थी तथा मृत्यु के समय वह तीन माह की गर्भवती थी।
आरोपितों ने उसका भ्रूण लिंग परीक्षण कराया था। गर्भ में दूसरी भी लड़की होने पर उसकी हत्या की गई थी। मुकदमे की विवेचना सीओ पंकज कुमार त्यागी के द्वारा की जा रही है।
जाम लगाने में 22 नामजद व 50-60 अज्ञात पर हुई थी प्राथमिकी
पुलिस ने जाम लगाने एवं आगजनी के आरोप में विवाहिता के पिता शीशपाल, दोनों भाई आकाश व सोनू, दो बहन शिवानी व संजना, चाचा सुनील व चाची भावना, शाहपुर निवासी मेघ सिंह समेत 22 नामजद व 50-60 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चाचा, चाची व मेघ सिंह को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। यह तीनों लोग जमानत पर जेल से बाहर आ गए हैं।
यह हैं मांगें
- प्रतिभा की मौत की जांच को जनपद से बाहर के अधिकारियों की एसआइटी गठित करने की मांग।
- सीसीटीवी, डीवीआर, पेन डाइव एवं इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों का स्वतंत्र फोरेंसिक परीक्षण कराने की मांग।
- पोस्टमार्टम का फिर से मजिस्ट्रेट की निगरानी में स्वतंत्र विशेषज्ञ मेडिकल बोर्ड से पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग।
- प्रतिभा के स्वजन के खिलाफ कराए गए अभियोग की स्वतंत्र विवेचना कराने की मांग।
- प्रतिभा के स्वजन द्वारा बताए गए लोगों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग।
यह भी पढ़ें- वकील, गवाह से लेकर मेहर की रकम तक... अमरोहा में 155 साल पुराने रजिस्टर में दर्ज हैं पूर्वजों के निकाह की परतें
