हसनपुर: 2004 के मामले में वारंट तामील कराने गए दारोगा पर किया था हमला, अब पुलिस मुठभेड़ में हाफ एनकाउंटर
आरोपी अताउल्ला, जिसने दारोगा जुगल किशोर पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, हसनपुर (अमरोहा)। रहरा पुलिस ने 11 सितंबर को गिरफ्तारी वारंट लेकर आरोपित को पकड़ने गए दारोगा जुगल किशोर पर कुल्हाड़ी से हमला करने के आरोपित अताउल्ला को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है।
वर्ष 2004 में ग्राम गंगवार के इस्लामी मदरसा के छात्रावास के दरवाजे में आग लगाने से संबंधित मुकदमे में न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट लेकर 11 सितंबर को हसनपुर कोतवाली में तैनात दारोगा जुगल किशोर, कांस्टेबल साहिल और पीआरडी जवान महेंद्र सिंह को साथ लेकर रहरा थाना क्षेत्र के ग्राम गंगवार में आरोपित के घर गए थे।
पुलिस टीम को देखकर आरोपित अताउल्ला कमरे में बंद हो गया था। पुलिस के दरवाजा खोलने को कहने पर काफी देर में वह दरवाजा खोलकर हाथ में कुल्हाड़ी लेकर बाहर निकाला और दारोगा पर हमला कर दिया था। जिसमें वह घायल हो गए थे।
इसके बाद आरोपित ने अपने सिर में कुल्हाड़ी मारकर खुद को भी घायल कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में अताउल्ला और उसके बेटे सैफुल्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी अमित तोमर के नेतृत्व में रहरा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ चार मुकदमे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने के आरोपित को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।
