विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

80 के दशक की फोटो बनाने के चक्कर में खाली हो रहे बैंक खाते! अमरोहा में साइबर ठगों का नया 'Nostalgia Scam'

Published: Thu, 17 Sep 2026 04:00 AM (IST)

इंटरनेट मीडिया पर चल रहे '80 के दशक' के नॉस्टेल्जिया ट्रेंड का फायदा उठाकर साइबर ठग लोगों को निशाना बना ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. अमरोहा में तीन लोगों को साइबर ठगों ने बनाया शिकार

जागरण संवाददाता, अमरोहा। बीते दिनों को याद कर उस दौर को महसूस करने का इंटरनेट मीडिया पर चल रहा नास्टेल्जिया ट्रेंड अब साइबर अपराधियों के लिए ठगी का नया हथियार बन गया है। एआइ की मदद से फोटो और वीडियो को 80 के दशक का रूप देने के नाम पर साइबर ठग वाट्सएप पर लिंक भेज रहे हैं। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल फोन फोन हैक हो रहा है।

अमरोहा नगर में ऐसे तीन मामले सामने आए हैं। इनमें एक युवक के खाते से 16 हजार रुपये निकाल लिए गए, जबकि दो अन्य लोगों के मोबाइल फोन हैक होने के बाद उनके बैंक खाते लिंक न होने के कारण रकम सुरक्षित रही।

नगर के मुहल्ला कुरैशी निवासी मोहम्मद दानिश के वाट्सएप पर सोमवार शाम एक अंजान नंबर से लिंक आया। मैसेज में फोटो और वीडियो को 80 के दशक का रूप देकर आकर्षक बनाने की बात कही गई थी। इसके लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया था।

दानिश ने जैसे ही लिंक खोला, उनके मोबाइल फोन का नियंत्रण उनके हाथ से निकल गया। करीब पांच मिनट के भीतर साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 16 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने मोबाइल फोन का इंटरनेट बंद किया।

इसी तरह मुहल्ला जयओमनगर निवासी मनोज कुमार और दानिशमंदान निवासी अरशद के मोबाइल फोन पर भी इसी तरह का लिंक भेजकर उन्हें हैक किया गया।

गनीमत रही कि उनके मोबाइल फोन नंबर बैंक खातों से लिंक नहीं थे। तीनों पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।

इंटरनेट मीडिया पर चल रहे ट्रेंड को फालो करने के चक्कर में लोग साइबर ठगों के जाल में फंस रहे हैं। साइबर अपराधी अब लोगों की रुचि और इंटरनेट मीडिया के ट्रेंड को आधार बनाकर ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं।

नास्टेल्जिया ट्रेंड भी इसका उदाहरण है। ऐसे में किसी भी अंजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक करने के बजाय संबंधित ट्रेंड को विश्वसनीय वेबसाइट या एप के माध्यम से ही फालो करना चाहिए।

 

साइबर अपराधी ठगी करने के लिए अंजान नंबर से लिंक भेज रहे हैं। उन्हें खोलने की जरुरत नहीं है। विश्वसनीय साइट पर जाकर ही किसी ट्रेंड को फालो करें। मोबाइल फोन फोन हैकर किसी परिचित के नंबर से भी लिंक भेजा जा सकता है। सावधानी बरतने की जरुरत है। अंजान लिंक को क्लिक न करें। हैकिंग होने पर मोबाइल फोन फोन का इंटरनेट बंद कर दें तथा टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

- मनीष सिरोही, साइबर एक्सपर्ट।


यह भी पढ़ें- क्रिकेटर शमी के बाद अब भाई कैफ विवादों में: शादी का झांसा देने के आरोप में FIR दर्ज, अमरोहा का चर्चित परिवार फिर सुर्खियों में