विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेत में काम कर रहे थे माता-पिता, खेलते-खेलते हौज में गिरा इकलौता मासूम; परिवार का चिराग बुझा

Published: Fri, 02 Oct 2026 01:42 PM (IST)

हसनपुर के बुरावली गांव में किसान शकील अहमद के दो वर्षीय इकलौते बेटे सुभान की नलकूप के हौज में डूबकर ...और पढ़ें

सुभान का फाइल फोटो

सुभान का फाइल फोटो

संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। रहरा थाना क्षेत्र के गांव बुरावली में किसान शकील अहमद के दो वर्षीय इकलौते बेटे सुभान की नलकूप पर पानी के हौज में डूबकर मौत हो गई। बेटे की मौत से परिवार में चीत्कार मचा है।

किसान गुरुवार दोपहर बाद करीब तीन बजे गांव से 200 मीटर दूर स्थित अपने खेत पर पत्नी शबाना के साथ काम करने गए थे। शबाना ने अपने मासूम बेटे को ठंड में खेलने के लिए बैठा दिया और खुद पति के साथ खेत में काम करने लगी।

इस दौरान खेलते हुए बालक नलकूप पर बने पानी के हौज में डूब गया। कुछ देर बाद स्वजन ने बालक को देखा तो वह पानी के ऊपर उतराता वह दिखाई दिया।

आनन फानन में स्वजन उसे रहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सक ने देखकर मृत घोषित कर दिया। बालक तीन बहनों का इकलौता भाई और घर का इकलौता चिराग था।

बेटे की मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि बालक की मृत्यु के संबंध में थाने पर कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- '4 गुना मुआवजा भी मंजूर नहीं...' अमरोहा में जमीन अधिग्रहण करने पहुंची टीम का महिलाओं ने घेराव कर काटा हंगामा