'4 गुना मुआवजा भी मंजूर नहीं...' अमरोहा में जमीन अधिग्रहण करने पहुंची टीम का महिलाओं ने घेराव कर काटा हंगामा
हसनपुर (अमरोहा) में औद्योगिक ग्रीन गलियारा के लिए भूमि अधिग्रहण करने पहुंची राजस्व टीम का किसानों और महिलाओं ने विरोध ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
किसान बोले नहीं देंगे अपनी जमीन, सर्किल दर कम होने का मुद्दा उठाया
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। तहसील क्षेत्र में औद्योगिक ग्रीन गलियारा की स्थापना कराने की कवायद शुरू हो गई है। औद्योगिक ग्रीन गलियारा का दायरा बढ़ाने के लिए चयनित गांवों में किसानों से सहमति लेने का काम शुरू हो गया है।
बुधवार को तहसील से राजस्व लेखपाल आकाश सागर के नेतृत्व में लेखपाल इंद्रपाल सिंह और पवन कुमार की टीम गांव बुरावली पहुंची। नखासा बाजार के मैदान में किसानों से भूमि अधिग्रहण करने के लिए सहमति देने कि बात कही।
वहां पर किसानों के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र हो गई। सभी किसानों ने एक स्वर में कहा कि वह अपनी जमीन अधिग्रहण नहीं होने देंगे। इस दौरान महिलाओं ने काफी हंगामा भी किया।
किसानों का कहना है कि उनकी भूमि का जो बाजार भाव है सर्किल दर उससे बहुत ज्यादा कम है। सर्किल दर का चार गुना मिलने के बावजूद भी उतनी कीमत में किसी दूसरी जगह उतनी भूमि नहीं मिल रही है।
किसानों ने स्पष्ट कहा कि जब तक रहरा के बराबर सर्किल दर नहीं की जाती है। किसान अपनी भूमि के बैनामा नहीं करेंगे। महिलाओं और कुछ किसानों का कहना था कि खेती ही एकमात्र उनका जीवन व्यतीत करने का साधन है धरती ही चली जाएगी तो हम लोग भूखे मर जाएंगे।
लेखपाल फिलहाल उन्हें समझा कर शांत करके वापस चले गए। इस दौरान सतपाल सिंह, अनुज कुमार, बंटी कुमार, वीरपाल सिंह, जाकिर चौधरी, नजाकत अली, खलील अहमद, नन्हे, शादाब अली, राजाराम, वीरपाल आदि किसान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- अमरोहा में खाकी शर्मसार: हरियाणा की युवती को घुमाने लाए CRPF जवान, दरोगा और सिपाही ने फार्म हाउस पर किया गैंगरेप
