चुनावी ड्यूटी को सवा पांच सौ पुलिस कर्मी रवाना
जागरण संवाददाता अमरोहा दूसरे चरण का चुनाव संपन्न कराने के बाद जिले का पुलिस बल तीसरे चरण का चुनाव संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को रवाना हो गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा व अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह की मौजूदगी में पुलिस बल को दूसरे जनपद को भेजा गया है। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को जरुरी दिशा-निर्देश दिए।
अमरोहा : दूसरे चरण का चुनाव संपन्न कराने के बाद जिले का पुलिस बल तीसरे चरण का चुनाव संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को रवाना हो गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा व अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह की मौजूदगी में पुलिस बल को दूसरे जनपद को भेजा गया है। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में पुलिस कर्मियों की रवानगी के दौरान एसपी डॉ. विपिन ताडा, एएसपी ब्रजेश सिंह व सीओ सदर जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। इस दौरान एसपी ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें तीसरे चरण के मतदान के लिए भेजा जा रहा है। लिहाजा चुनाव आयोग के नियमों का पालन करते हुए मतदान संपन्न कराएं। इसके अलावा भी पुलिस अधिकारियों ने अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए।
एएसपी ने बताया तीसरे चरण का चुनाव संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिले से 525 पुलिस कर्मियों को रवाना किया गया है। इनमें 40 दारोगा व अन्य सिपाही शामिल हैं। बताया कि फिलहाल फिरोजाबाद जनपद को यह फोर्स रवाना किया गया है। जल्दी ही 125 पुलिस कर्मियों को और रवाना किया जाएगा। उधर चुनाव ड्यूटी में पुलिस के रवाना होने से जिले के सभी थानों में पुलिस कर्मियों की संख्या कम हो गई है।