आम कारोबारी की पीट-पीट कर हत्या, दाऊदपुर गांव स्थित आम के बाग में पड़ा मिला शव
गजरौला लापता चल रहे आम कारोबारी की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि पिटाई के दौरान उसे करंट भी लगाया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जागरण संवादाता, गजरौला : लापता चल रहे आम कारोबारी की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि पिटाई के दौरान उसे करंट भी लगाया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव सिहाली जागीर निवासी जहूर खां का 45 वर्षीय पुत्र आशाद खां आम के बाग ठेके पर लेने का काम करता था। वह शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे घर से गांव फिरोजपुर गढावली के पास गैर आबाद गांव दाऊदपुर में आम के बाग में जाने की बात कहकर बाइक से आया था। इसके बाद वापस घर नहीं पहुंचने पर स्वजनों ने तलाश शुरू कर दी। रात करीब 11 बजे तक आसपास के बाग-बगियों व गांव में उसकी तलाश की। मगर, कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब नौ बजे कारोबारी का शव दाऊदपुर में ही एक आम के बाग में पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। गुप्तांग पर चोटें हैं। कान भी फटा हुआ है। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे पिटाई के दौरान उसे करंट भी लगाया है। पुलिस ने बाग में लगे टयूबवेल का भी जायजा लिया है। एक प्लास्टिक का कट्टा भी बरामद हुआ है। आसपास के लोग व बाग की देखरेख करने वाले लोगों से जानकारी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। हत्या के कारणों के बारे में छानबीन चल रही है। मृतक के शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जैसे पिटाई के दौरान उसे करंट भी लगाया गया है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो जाएगा।
आइएएस व आइपीएस का है फार्म हाउस : प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि दाऊदपुर में जिस फार्म हाउस पर आम कारोबारी का शव मिला है। वह आइएएस व आइपीएस का है। दोनों अधिकारी हरियाणा के पंचकुला सचिवालय में तैनात हैं। इसकी पुष्टि फार्म हाउस की देखरेख करने वाले गांव पपसरा निवासी श्योनाथ सिंह उर्फ गुड्डू ने की है।
अवैध संबंधों में तो नहीं गई जान : आम कारोबारी की हत्या के पीछे अवैध संबंधों का भी बिदु सामने आ रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो मालूम हुआ है कि मृतक के किसी से अवैघ संबंध होने की भी चर्चा हुई। वह भी घटनास्थल के पास गांव निवासी है। इसलिए पुलिस अवैध संबंधों के बारे में जांच-पड़ताल कर रही है। कही ऐसा न हो कि अवैध संबंधों में ही उसकी हत्या की गई हो।