चुनाव में माहौल बिगड़ने की आशंका, छह लाइसेंसी हथियार जब्त
गजरौला : नौगावां सादात के उपचुनाव में पुलिस को थाना क्षेत्र के गांव कटाई में माहौल बिगड़ने की आशंका ह
गजरौला : नौगावां सादात के उपचुनाव में पुलिस को थाना क्षेत्र के गांव कटाई में माहौल बिगड़ने की आशंका है। यही कारण है कि पुलिस ने गांव के अपराधिक प्रवृति के लोगों के हथियार जब्त करते हुए उनके लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजी है।
तीन नवंबर को नौगावां सादात विधानसभा सीट के उपचुनाव का मतदान होगा। सकुशल चुनाव संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती है। इसलिए पुलिस जोरों के साथ सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाने में जुटी है। गजरौला थाने के सात गांव नौगावां सादात विधानसभा में हैं। इनमें से दो गांव कटाई व लिसड़ी बुजुर्ग अति संवेदनशील हैं और यहां पर ही पुलिस को माहौल बिगड़ने की आशंका है। पुलिस ने दोनों गांवों के लगभग दो सौ लोगों को शांतिभंग में निरुद्ध किया है। खास बात है कटाई गांव से छह लोग ऐसे हैं। जिनसे पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बिगड़ने की पूरी आशंका है। इसलिए पुलिस ने उन सभी के लाइसेंसी हथियार जब्त करते हुए उनके लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कटाई व लिसड़ी बुजुर्ग दोनों गांव अति संवेदनशील हैं। इसलिए वहां की गतिविधियों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। कटाई गांव के छह लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजी है। वहीं गांव के शत-प्रतिशत असलाह जमा करा लिए गए हैं।