कई बार अमरोहा आए थे पूर्व मुख्यमंत्री एनडी
अमरोहा: पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी का अमरोहा से काफी गहरा लगाव रहा है। वह अमरोहा एक बार नहीं बल्कि कई बार आए थे। सहकारी कताई मिल का शिलान्यास करने के साथ ही उन्होंने लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया था। उनके निधन की सूचना मिलने पर कांग्रेसियों में शोक की लहर दौड़ गई।
अमरोहा: पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी का अमरोहा से काफी गहरा लगाव रहा है। वह अमरोहा एक बार नहीं बल्कि कई बार आए थे। सहकारी कताई मिल का शिलान्यास करने के साथ ही उन्होंने लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया था। उनके निधन की सूचना मिलने पर कांग्रेसियों में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहने के साथ ही केंद्र में भी विकास मंत्री रह चुके वरिष्ठ कांग्रेसी नारायण दत्त तिवारी का अमरोहा से गहरा नाता रहा है। वह कई बार अमरोहा आए थे। नगर के मुहल्ला काजीजादा निवासी शमीम अमरोहवी बताते हैं कि स्व. तिवारी बेहद खुशमिजाज शख्सियत थे। जिससे एक बार मुलाकात हो गई फिर उसे फौरन पहचान लेते थे। बताया कि वर्ष 1985 में मेरे बुलावे पर वह बज्मे हयात लाइब्रेरी का उद्घाटन करने पहुंच गए थे।
उन्होंने नम आंखों के साथ स्व. तिवारी को याद करते हुए बताया उद्घाटन के बाद वह मुझे अपने साथ कार में बैठा कर काशीपुर तक ले गए थे। रास्ते में उन्होंने मुझसे चुनावी गीत लिखने की बात कही थी। उसके बाद मैने उनके लिए चुनावी गीत लिखा। बाद में उनके पुत्र आकर गीत की प्रति ले गये थे। वह गीत उनके चुनावी सभा में भाषण से पूर्व बच्चे गाया करते थे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेसी शिव स्वरूप टंडन बताते हैं कि स्व. तिवारी अमरोहा में कई बार आए थे। यहां के लोगों से उन्हें गहरा लगाव था। नौगावां सादात रोड पर स्थित सहकारी कताई मिल का शिलान्यास भी उन्होंने ही किया था।