पुलिस अनुमति नहीं देगी तो भी महापंचायत होगी
अमरोहा भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत ने कहा लखीमपुर कांड में मंत्री संलिप्त है।
अमरोहा: भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत ने कहा लखीमपुर कांड में अजय मिश्र टेनी 120 बी के मुल्जिम है। जब तक वह मंत्री पद पर रहेगा तब तक जांच प्रभावित होगी। कहा 17 अक्टूबर को महापंचायत के आयोजन की प्रशासन अनुमति नहीं देगा तो भी वह होगी।
उन्होंने यह विचार सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे जोया टोल प्लाजा पर व्यक्त किए। वह गाजीपुर बार्डर से लखीमपुर खीरी जा रहे थे। जोया टोल प्लाजा व हरियाना गांव के सामने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं का हाल जाना।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया वह लखीमपुर खीरी जा रहे हैं। धरना अभी चलता रहेगा। निश्चित ही हम सबकी मेहनत रंग लाएगी। इसके अलावा उन्होंने 17 अक्टूबर को होने वाली महापंचायत की तैयारियों के बारे में जानकारी हासिल की। कहा प्रशासन अगर महापंचायत की अनुमति नहीं देगा तो भी उसका आयोजन होगा। सभी कार्यकर्ता एकजुट रहें। दो मिनट ठहरने के बाद वह यहां से आगे के लिए रवाना हो गए।
इस मौके पर कोषाध्यक्ष सचिन कुमार, ब्लाक अध्यक्ष योगिन्द्र सिंह, जनम सिंह, भगवंत सिंह, जसपाल सिंह, कृष्णवीर, जयपाल सिंह, महाराज सिंह आदि लोग मौजूद रहे। इसके बाद हरियाना गांव के सामने कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस बीच पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा लखीमपुर खीरी कांड में बेटे के साथ-साथ पिता भी कसूरवार है। बेटे व पिता को गिरफ्तार कर आगरा जेल में बंद किया जाए। बाप मंत्री है तो पुलिस भी उसके दबाव में है। इसलिए मंत्री पद से इस्तीफा होना चाहिए अगर नहीं होगा तो आंदोलन जारी रहेगा।