पूर्णिमा पर पुलिस से बचकर घाट पर पहुंचे श्रद्धालु, लगाई डुबकी
गजरौला ज्येष्ठ पूर्णिमा पर पुलिस के बावजूद ब्रजघाट व तिगरी में स्नान हुआ।
जागरण संवाददाता, गजरौला : ज्येष्ठ पूर्णिमा पर पुलिस की तैनाती के बावजूद ब्रजघाट व तिगरी में स्नान घाट तक श्रद्धालु पहुंच गए। मां गंगे को नमन करते हुए आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। हालांकि पुलिस लॉकडाउन के चलते स्नान नहीं होने देने का दावा कर रही है।
लॉकडाउन के चलते शुक्रवार को भी ब्रजघाट व तिगरी स्थित घाटों पर पूर्णिमा के स्नान को श्रद्धालुओं के नहीं पहुंचने की बात पुलिस ने कही थी। इसके लिए सुबह होते ही गंगा घाटों व रास्ते में श्रद्धालुओं को रोककर वापस लौटाने के लिए पुलिस भी लगाई गई। ब्रजघाट व तिगरी जाने वाले काफी श्रद्धालुओं को बीच रास्ते से पुलिस ने लौटा भी दिया। इसके बाद भी छिप कर काफी श्रद्धालु घाटों तक पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने मुख्य स्नान घाटों से दूरी बनाकर कच्चे व कम भीड़ रहने वाले स्थानों पर स्नान करते हुए मां गंगे की पूजा की। दान-दक्षिणा भी दी गई। इससे इन स्थानों पर काफी चहल-पहल भी रही।
प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह ने दावा किया कि तिगरी में श्रद्धालुओं को स्नान के लिए नहीं पहुंचने दिया। रास्ते से ही लौटा दिया। शवों की अंत्येष्टि के लिए पहुंचे लोगों ने ही स्नान किया होगा। उधर ब्रजघाट में सुबह श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण वाहनों को भी धीमी रफ्तार से गुजरना पड़ा। बता दें कि लॉकडाउन के चलते पूर्णिमा व अमावस्या के मौके पर होने वाले स्नान पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है। इसी कारण एक जून को गंगा दशहरा पर भी इसी तरह कुछ ही श्रद्धालु स्नान कर पाए थे। बाकी को पुलिस ने रास्ते से लौटा दिया था।