ब्रजघाट में रोक के बावजूद पहुंचे श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी
जागरण संवाददाता गजरौला ब्रजघाट में हापुड पुलिस की रोक-टोक के बावजूद पहुंचे श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ कमाया।
गजरौला : ब्रजघाट में हापुड़ पुलिस की रोक-टोक के बावजूद पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगे को नमन करते हुए आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। हालांकि तिगरी में पुलिस ने श्रद्धालुओं को नहीं पहुंचने दिया।
लॉकडाउन के चलते गंगा दशहरा पर भीड़ नहीं जुटने देने की हापुड़ पुलिस ने तैयारी की थी। अधिकारियों ने जायजा लेकर अतिरिक्त पुलिस लगाने की बात भी की थी। पुलिस आधी रात से मुस्तैद भी हो गई लेकिन श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने से नहीं रोक सकी। सोमवार की सुबह खासे श्रद्धालु पुलिस को गच्चा देकर ब्रजघाट में गंगातट पर पहुंचने में सफल रहे। इन श्रद्धालुओं ने शारीरिक दूरी नियम का पालन करते हुए आस्था की डुबकी लगाई। दान पुण्य भी किया। सुबह से दोपहर तक चोरी छिपे घाट तक पहुंच कर श्रद्धालु स्नान कर रहे थे। इनकी अच्छी चहल-पहल घंटा स्थल के समीप दिखाई पड़ रही थी। इनकी चहल पहल से भिखारियों के चेहरे खुले थे। पुलिस की हिदायत के कारण दुकानें बंद थीं। ब्रजघाट पुलिस इन श्रद्धालुओं को अस्थियां विसर्जन करने वाले बता रही थीं।
इधर तिगरी में घाट सुने थे। यहां पुलिस तैनात थी। रास्ते में लगी पुलिस श्रद्धालुओं को बीच रास्ते से लौटा रहीं थी। हालांकि कुछ श्रद्धालु यहां भी बाढ़ नियंत्रण खंड पुलिस चौकी तक पहुंच कर उसके पीछे वाले भाग में स्नान कर लौट रहे। कुछ बच्चों का मुंडन भी करा रहे थे। मेरठ की आयुक्त व हापुड़ की डीएम ने लिया जायजा
गजरौला : गंगा दशहरा पर ब्रजघाट का जाजया लेने मेरठ की मंडलायुक्त अनिता सी मेश्राम, आइजी प्रवीन कुमार, हापुड़ की डीएम अदिति सिंह व एसपी संजीव सुमन भी पहुंचे। हाईवे पर वाहनों से उतर सभी अधिकारी ब्रजघाट में आरती स्थल पर पहुंचे, यहां पुलिस तैनात थी। हालांकि यहां पुलिस की मौजूदगी की वजह कोई श्रद्धालु स्नान को नहीं पहुंचा था। कुछ देर विचार विमर्श करने के बाद सभी अधिकारी वापस लौट गए। बता दें कि यहां स्नान को हर साल लाखों की तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उनकी अनुमानित भीड़ व रोकने को लेकर ही प्रशासन चितित था, लेकिन सोमवार को पर्व कुशल निबटने व कोई दिक्कत नहीं आने पर सभी ने राहत महसूस की।