पांच दिन बाद घर पहुंचे दीपक जैन, परिजनों के खिले चेहरे
पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल का पर्सनल पीए दीपक जैन पांच दिन बाद अचानक से घर पहुंच गए। उन्हें देखकर हर कोई हैरान पड़ गया। उनका हाल जानने के लिए रिश्तेदार व परिचित लोगों का तांता लग गया।
गजरौला : पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल के पीए दीपक जैन लौट आए हैं। पांच दिन बाद उनके घर लौटते ही परिजनों के चेहरे खिल उठे। उनके सकुशल वापस लौटने की बात फैलते ही परिचितों का तांता लग गया। दीपक जैन ने तनाव के कारण स्वयं गुड़गांव चले जाने की बात कही है।
नौ नवंबर की शाम 5 बजे से दीपक जैन लापता थे। उस रोज वह पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल के आवास से वापस लौटते समय लापता हो गए थे। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो खलबली मच गई। वह एक मोबाइल घर छोड़ गए थे। दूसरा उनके पास था, लेकिन वह स्विच ऑफ जा रहा था। इधर-उधर तलाशने पर भी कोई सुराग नहीं लगने पर घबराई पत्नी ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस ने उनके मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर पड़ताल की तो लापता होने के अगले दिन उसकी लोकेशन मेरठ में मिली। पुलिस उनकी खोजबीन में जुटी थी। बुधवार की सुबह 11:05 बजे दीपक जैन अचानक ही मुहल्ला अतरपुरा स्थित अपने किराए के आवास पर पहुंच गए। मुहल्लेवासी उन्हें हैरानी की नजरों से देख रहे थे, लेकिन परिजनों के चेहरे खिल गए। पत्नी मनीषा जैन, पुत्री अदिति व पुत्र मयूरी के साथ मां मुन्नी देवी की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
बूढ़ी मां उन्हें दुलारते हुए बोली बेटे कहां चला गया था। पत्नी-बेटियां भी भावुक होकर उनके गले से लग गई। वह किसी की बात का कोई जवाब नहीं दे रहे थे। हालांकि मीडिया कर्मियों के पूछने पर बस इतना बताया कि काम-काज के कारण तनाव में आ गए थे। इस कारण वह अपनी मोटर साइकिल मेरठ में खड़ी करके खुद अपने पुराने मित्रों से मिलने गुड़गांव चले गए थे। अब वह वापस आ गए हैं।