Amroha के प्राथमिक विद्यालय में Mid Day Meal बनाते समय सिलेंडर में लगी आग, तीन रसोइया झुलसीं
Cylinder Fire in Amroha Primary School अमरोहा के प्राथमिक विद्यालय के रसोईघर में बच्चों के लिए मिड डे मील बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने से खाना बना रहींं तीन महिलाएं झुलस गईंं।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। Cylinder Fire in Amroha Primary School : अमरोहा के प्राथमिक विद्यालय के रसोईघर में बच्चों के लिए मिड डे मील बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। हादसे में खाना बना रही तीन महिलाएं झुलस गईंं। आग की लपटें निकलने से विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं में भगदड़ मच गई।
शिक्षकों ने बच्चों को बचाया
शिक्षकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्चों को सकुशल बचाया। मामला गुरुवार दोपहर करीब 11:30 बजे का है। प्राथमिक विद्यालय रहरा के रसोईघर में वहां उपस्थित रसोईया खाना बना रही थी। नया गैस सिलेंडर लगाते समय अचानक आग लग गई। जिससे तीन महिलाएं सरिता अधिक तथा देववती व बबीता मामूली रूप से झुलस गई।
आसपास के लोगों ने बुझाई आग
आनन फानन में विद्यालय के पड़ोस में उपस्थित लोगों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। फिलहाल आग में झुलसी तीनों महिलाओं को रहरा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। शिक्षक मनोज कुमार ने बताया कि नया गैस सिलेंडर लगाते हुए रसोई में आग लग गई है। बच्चे व स्टाफ सकुशल है। एक रसोईया के हाथ झुलस गए हैं। जिसका इलाज कराया गया है।
चलती बाइक में अचानक लगी आग
दशहरा मेला देखने आए युवक की बाइक में अचानक आग लग गई। जिस कारण हलचल मच गई। युवक आग लगने पर बाइक छोड़कर भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। बुधवार को थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव ढ्यौटी निवासी रगन कुमार अपनी बाइक पर सवार होकर धनौरा में दशहरा मेला देखने के लिए आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक धनौरा-शेरपुर मार्ग पर पहुंची तो उसमें अचानक आग लग गई।
युवक बाइक छोड़कर भागा
जिस पर बाइक चला रहा युवक घबरा गया और वह बाइक को सड़क किनारे छोड़ कर फरार हो गया। बाइक में आग लगी देखकर राहगीरों में भी हलचल मच गई। लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझती तब तक बाइक जलकर राख हो गई। प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि सिर्फ बाइक में आग लगी है। कोई हताहत नहीं है।