विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गजरौला में सांड़ का आतंक: अब लखनऊ BJP के पूर्व जिलाध्यक्ष भिखारी सिंह बने शिकार, अस्पताल में भर्ती

Published: Wed, 23 Sep 2026 03:00 PM (IST)

गजरौला में एक बेसहारा सांड़ ने लखनऊ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भिखारी सिंह पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, ...और पढ़ें

सांड के हमले में घायल लखनऊ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भिखारी सिंह

सांड के हमले में घायल लखनऊ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भिखारी सिंह

HighLights

  1. बिजनौर जाने के लिए चौपला पर टैक्सी से उतरे थे भिखारी सिंह

  2. गजरौला में कई लोगों पर हमला कर चुके सड़कों पर घूम रहे सांड़

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। सड़कों पर घूम रहे बेसहारा सांड़ ने टैक्सी से उतरे लखनऊ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भिखारी सिंह पर हमला कर घायल कर दिया। उनके सिर व पीठ में चोट लगी है। वह बिजनौर स्थित रिश्तेदारी में जाने के लिए यहां पहुंचे थे। पुलिस ने सीएचसी में उपचार के बाद उन्हें बिजनौर रिश्तेदारी में भेज दिया है। वहीं इस घटना के दौरान चौपला चौराहा पर अफरा-तफरी मची रही।

लखनऊ के एमआइजी बी-1 नेपियर रोड कालोनी ठाकुरगंज निवासी भिखारी सिंह भाजपा के लखनऊ के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं। वह अवध क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री भी रहे हैं। तीन दिन पहले वह गाजियाबाद स्थित रिश्तेदारी में गए थे।

मंगलवार दोपहर बिजनौर स्थित रिश्तेदारी में जाने के लिए गाजियाबाद से गजरौला के लिए चले थे। वहां से वह चौपला तक टैक्सी में सवार हो गए। लगभग चार बजे जब वह चौपला पर टैक्सी से उतरे तो पीछे से आए सांड़ ने उन पर हमला कर दिया।

अभी वह कुछ समझ पाते सांड़ ने उन्हें पीछे से धक्का दे दिया तथा वह सिर के बल सड़क पर गिर गए। सांड़ के अचानक हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने सांड़ को वहां से भगाया था घायल भिखारी सिंह को सीएचसी में भर्ती कराया।

उनकी पीठ व सिर में चोट लगी है। पुलिस भी सीएचसी पहुंची तथा घायल का उपचार कराने के बाद वाहन का प्रबंध कर उन्हें बिजनौर स्थित रिश्तेदारी में रवाना कर दिया है।

गजरौला में सांड़ के हमले का यह पहला मामला नहीं है। दो महीना पहले मुहल्ला नाईपुरा निवासी राजपाल सिंह को भी घर के बाहर सोते समय सांड़ ने हमला कर मार दिया था।

शीशोवाली निवासी कलुआ की भी सांड़ के हमले में मौत हो चुकी है। जबकि दो महीना के भीतर ही धर्मेंद्र सिंह मुहल्ला बस्ती, काजल अतरपुरा, सद्दाम सुल्तानगर, प्रवीण कुमार निवासी शीशोवाली, चौपला के सतेंद्र सिंह व विनोद कुमार पर भी सांड़ हमला कर चुके हैं।

ईओ ललित आर्य ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। नगर में अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे पशुओं को पकड़वा कर गोशाला में संरक्षित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अमरोहा में बड़ा खेल: 132 अवैध अस्पताल सील, फिर भी 'मौत का लाइसेंस' देकर खोल दिए गए क्लिनिक!