विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में फिर दो सचिवों की ID हैक करने की कोशिश, 17 राज्यों में जारी हुए थे 498 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र 

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:41 AM (IST)

अमरोहा में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले के बाद अब दो और ग्राम सचिवों की आईडी हैक करने का प्रयास ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. अमरोहा में दो ग्राम सचिवों की आईडी हैक का प्रयास

  2. पहले 498 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी हुए थे

  3. पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की

जागरण संवाददाता, अमरोहा। जोया ब्लॉक की तोफापुर ग्राम पंचायत के सचिव अमरजीत सिंह की आईडी हैक कर यूपी समेत 17 राज्यों के 498 लोगों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने के बाद शनिवार को भी जिले के दो सचिव की आईडी हैक करने का प्रयास किया गया है।

हसनपुर ब्लॉक में तैनात सचिव कावेंद्र सिंह व मंडी धनौरा ब्लॉक में तैनात सचिव राजीव कुमार के मोबाइल व ईमेल पर ओटीपी भेजे गए हैं। परंतु गनीमत यह रही कि उनकी आईडी से कोई जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं हुए हैं।

दोनों ने इस मामले में सीएमओ दफ्तर शिकायत दर्ज कर करा कर आईडी को निष्क्रिय कराने की मांग की है। वहीं तोफापुर प्रकरण में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तोफापुर के बाद नया मामला सामने आया, कर्मियों में हड़कंप

जालसाजों ने तोफापुर ग्राम पंचायत के सचिव अमरजीत सिंह की आइडी को हैक कर छह व सात अक्टूबर को 498 लोगों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए थे। 13 अक्टूबर को सचिव ने आइडी खोलकर देखी तो मामला सामने आया था। यह प्रमाण पत्र यूपी, बिहार, झारखंड, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, सिक्किम समेत 17 राज्य के लोगों के नाम से बनाए गए थे। इस मामले में शुक्रवार रात पहले सचिव अमरजीत सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन बाद में तहरीर को बदलवाया गया।

आईटी एक्ट में दर्ज हुआ केस

एडीओ पंचायत राजवीर सिंह की तहरीर पर डिडौली पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध आईटी एक्ट की धारा में प्राथमिकी दर्ज की। इस मामले की विवेचना निरीक्षक अपराध राशिद अख्तर को सौंपी गई है। इस क्रम में सोमवार को विवेचक ने अमरजीत सिंह के बयान दर्ज करने के साथ ही आईडी से संबंधित डिजिटल साक्ष्य संकलन करना शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें- यूपी के इस जिले की ग्राम पंचायतों से जारी हो रहे फर्जी जन्मप्रमाण पत्र, कार्रवाई के बाद भी नहीं रुक रहे मामले

यह भी पढ़ें- कहीं आपका जन्म प्रमाण पत्र फर्जी तो नहीं? यूपी के इस जिले में अधिकारियों फर्जी हस्ताक्षर कर जारी किए गए

दो ग्राम सचिव की आईडी हैक करने का प्रयास कर डाला

अभी यह मामला थमा भी नहीं है कि जालसाजों ने जिले में तैनात दो ग्राम सचिव की आइडी हैक करने का प्रयास किया। हसनपुर ब्लाक में तैनात सचिव कावेंद्र सिंह के मोबाइल व ईमेल आईडी पर दोपहर 1:08 बजे ओटीपी भेजे गए। उसके बाद मंडी धनौरा में तैनात सचिव राजीव कुमार के मोबाइल व ईमेल आईडी पर ओटीपी आए हैं। दोनों सचिव ने ओटीपी देखे तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया तथा सीएमओ कार्यालय जाकर आइडी निष्क्रिय कराने की मांग की है। दोनों ने सीएमओ कार्यालय में लिखित सूचना दे दी है।